संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती पर देवरी में निकली भव्य कलश यात्रा, महापौर रामू रोहरा ने किया शुभारंभ

0

धमतरी | संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के पावन अवसर पर ग्राम देवरी में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर पालिक निगम धमतरी के महापौर श्री रामू रोहरा कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर संत रविदास जी का स्मरण किया और कलश यात्रा के शुभारंभ अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं को अपनी शुभकामनाएं दीं।

महापौर रामू रोहरा ने कलश यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं एवं ग्रामीणजन श्रद्धा और उत्साह के साथ शामिल हुए। सिर पर कलश धारण किए महिलाओं की सहभागिता से पूरा वातावरण भक्तिमय एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत नजर आया। श्रद्धालुओं ने संत रविदास जी के जयकारों के साथ सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे का संदेश दिया।

इस अवसर पर महापौर श्री रामू रोहरा ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी ने अपने जीवन और विचारों के माध्यम से समाज को समानता, मानवता, प्रेम और सामाजिक समरसता का मार्ग दिखाया। उन्होंने जात-पात, भेदभाव और ऊंच-नीच की भावना से ऊपर उठकर सभी मनुष्यों को समान मानने का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट करने और नई पीढ़ी को सही दिशा देने के लिए अत्यंत प्रासंगिक हैं।

महापौर ने कहा कि संत रविदास जी की 650वीं जयंती का यह पावन अवसर उनके आदर्शों और विचारों को जन-जन तक पहुंचाने तथा सामाजिक समरसता को मजबूत करने का अवसर है। हमें उनके बताए मार्ग पर चलते हुए समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और समानता की भावना को और मजबूत करना चाहिए।

कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। धार्मिक वातावरण के बीच निकली यात्रा ने ग्राम देवरी में एकता, श्रद्धा और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।

इस अवसर पर अन्य पिछड़ा आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद,केशव साहू,दयाराम साहू, डेनीश चन्द्राकर,मिश्रीलाल पटेल,हिरेन्द्र साहू,यतीश भूषण श्रीवास्तव,धन्न जांगडे,तारेन्द्र चन्द्राकर,रामाधार साहू,रुपचंद साहू,खिलावन प्रजापति,याद राम साहू,सोनाराम साहू,ममता निषाद,पूर्णिमा बनपेला,रेणुका साहू,राधिका साहू,नंदिनी साहू,महेश चन्द्राकर, ओमप्रकाश सिन्हा,शंकरसिंह साई संकराम धीवर, केशव, रमेश,नीराम सिन्हा,हजारी, मिश्वर साहू,परस लाल साहू, कमलेश साहू सहित जनप्रतिनिधियों, सामाजिकजनों, ग्रामीणों एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही।