Home CRIME शराब के लिए पैसे नहीं दिए तो युवक पर चाकू से हमला,...

शराब के लिए पैसे नहीं दिए तो युवक पर चाकू से हमला, बहन से भी मारपीट; आरोपी गिरफ्तार

धमतरी। शराब पीने के लिए पैसे मांगने से मना करना एक युवक को भारी पड़ गया। गुस्साए युवक ने रास्ता रोककर पहले गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी, फिर धारदार चाकू से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची युवक की बहन के साथ भी आरोपी ने धक्का-मुक्की और मारपीट की। मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सिटी कोतवाली पुलिस ने चाकूबाजी एवं मारपीट के मामले में आरोपी कृष भारती पिता शक्ति भारती (20 वर्ष), निवासी महंत घासीदास वार्ड जालमपुर, धमतरी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त 2026 को प्रार्थी अभिषेक बंजारे मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान जालमपुर मिडिल स्कूल के पास आरोपी कृष भारती ने उसका रास्ता रोक लिया और शराब पीने के लिए पैसे की मांग की। अभिषेक द्वारा पैसे देने से मना करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और धारदार चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया।

घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची प्रार्थी की बहन शारदा टेकाम के साथ भी आरोपी ने धक्का-मुक्की एवं मारपीट की। घटना की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 209/2026 के तहत धारा 119, 296, 118(1), 351(2) बीएनएस में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।

विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी कृष भारती से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी द्वारा घटना स्वीकार किए जाने के बाद उसके द्वारा पेश किए गए घटना में प्रयुक्त स्टील के धारदार चाकू को पुलिस ने विधिवत जब्त कर लिया। चाकू की कुल लंबाई 10.5 इंच बताई गई है। हथियार बरामद होने के बाद प्रकरण में आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 भी जोड़ी गई।

पुलिस ने आरोपी कृष भारती को 30 अगस्त 2026 को दोपहर 1:15 बजे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को 12 सितंबर 2026 तक न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।

Exit mobile version