Home CRIME राज्योत्सव 2026 में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की प्रदर्शनी बनी आकर्षण...

राज्योत्सव 2026 में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र

बिहान, वीबी-जी राम जी और विभिन्न आजीविका योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं के सशक्तीकरण एवं गांवों के समग्र विकास की दिखाई गई झलक

धमतरी | छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर धमतरी में आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव-2026 में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा आकर्षक एवं जानकारीपरक प्रदर्शनी लगाई गई है। प्रदर्शनी के माध्यम से शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, ग्रामीण विकास की पहल, महिला सशक्तीकरण, स्वरोजगार और आजीविका संवर्धन के प्रयासों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया है।

प्रदर्शनी में विशेष रूप से राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत महिला स्व-सहायता समूहों की उपलब्धियों और आत्मनिर्भरता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को दर्शाया गया है। स्कूटी दीदी, आंगन लक्ष्मी, मेरी बेटी-मेरा अभिमान, हमर गांव-हमर स्कूल जैसी पहलों के माध्यम से महिलाओं की आर्थिक एवं सामाजिक भागीदारी, बालिकाओं के सम्मान और ग्रामीण शिक्षा को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया है। साथ ही आजीविका संवर्धन के अंतर्गत मछली पालन, झींगा पालन तथा आईएमसी (इंडियन मेजर कार्प) मछली पालन जैसी गतिविधियों को भी प्रदर्शित किया गया है। जल निधि परियोजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में मत्स्य पालन को आजीविका के एक प्रभावी विकल्प के रूप में प्रस्तुत किया गया है।

प्रदर्शनी में वीबी-जी राम जी योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन, आजीविका के अवसरों के विस्तार तथा गांवों में टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण की जानकारी भी दी गई है। योजना के माध्यम से ग्रामीण परिवारों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ गांवों के विकास और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत बनाने के प्रयासों को रेखांकित किया गया है।

इसके अलावा प्रकृति एवं पक्षी संरक्षण के प्रति जनभागीदारी का संदेश देने वाली पहल भी प्रदर्शनी का विशेष आकर्षण है। ‘हमर मंदरोद पक्षी संरक्षण बैंक’ के माध्यम से पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था करने तथा पर्यावरण संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बनाने का संदेश दिया गया है। प्रकृति एवं पक्षी प्रेमी मोहन साहू की इस पहल के जरिए लोगों से अपने आसपास पक्षियों के लिए दाना और पानी रखने की अपील की गई है।

जिला प्रशासन की ‘प्रोजेक्ट आंगन’ पहल सहित ग्रामीण विकास से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों को भी प्रदर्शनी में स्थान दिया गया है। योजनाओं की जानकारी चित्रों, मॉडल और आकर्षक प्रदर्शन सामग्री के माध्यम से प्रस्तुत की गई है, जिससे आम नागरिकों को शासन की योजनाओं के उद्देश्य, लाभ और उनके क्रियान्वयन की जानकारी सहज रूप से मिल रही है।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की यह प्रदर्शनी ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग और जनभागीदारी से गांवों की तस्वीर बदलने के शासन के संकल्प को प्रदर्शित कर रही है। राज्योत्सव में पहुंच रहे नागरिकों और ग्रामीणजनों के लिए यह प्रदर्शनी योजनाओं को जानने और उनके लाभों से जुड़ने का उपयोगी माध्यम बन रही है।

Exit mobile version