Home CRIME गाली देने से मना किया तो बुजुर्ग के पेट पर किए 6-7...

गाली देने से मना किया तो बुजुर्ग के पेट पर किए 6-7 वार, आरोपी गिरफ्तार

मातर मड़ई के दौरान ग्राम भेण्डरी में हुई वारदात, साइकिल के धारदार स्पोक से किया जानलेवा हमला; करेलीबड़ी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल

धमतरी। ग्राम भेण्डरी में मातर मड़ई के दौरान गाली-गलौज करने से मना करना एक बुजुर्ग को भारी पड़ गया। आक्रोशित युवक ने साइकिल के धारदार स्पोक से बुजुर्ग के पेट पर एक के बाद एक 6-7 वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद हरकत में आई करेलीबड़ी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर 2026 को ग्राम भेण्डरी में मातर मड़ई का आयोजन किया गया था। रात करीब 8:30 बजे गांव का नारायण साहू (38 वर्ष) अपने पिता भागीरथी साहू के साथ बस स्टैंड स्थित चाय ठेले पर मौजूद था। इसी दौरान गांव का ही ईश्वर राम उर्फ बल्ले साहू वहां पहुंचा और अश्लील गाली-गलौज करने लगा।

आसपास महिलाओं की आवाजाही होने के कारण भागीरथी साहू ने उसे गाली देने से मना किया। इस बात से नाराज होकर आरोपी ने अपनी जेब में रखे साइकिल के स्पोक के धारदार टुकड़े से भागीरथी साहू के पेट पर जानलेवा हमला कर दिया। लगातार 6-7 वार किए जाने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए संजीवनी अस्पताल नयापारा में भर्ती कराया गया।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर चौकी करेलीबड़ी, थाना मगरलोड में अपराध क्रमांक 236/2026 के तहत धारा 296, 109(1) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल आरोपी की तलाश कर घेराबंदी करते हुए ईश्वर राम उर्फ बल्ले साहू को हिरासत में ले लिया।

पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने पर उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त साइकिल के स्पोक का धारदार टुकड़ा ग्राम करेलीबड़ी के नंगरा नाला पुल के नीचे पाइप के अंदर से बरामद कर जब्त किया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान ईश्वर राम उर्फ बल्ले साहू (27 वर्ष), पिता नरसिंग साहू, निवासी ग्राम भेण्डरी, चौकी करेलीबड़ी, थाना मगरलोड, जिला धमतरी के रूप में हुई है।

इस कार्रवाई में चौकी करेलीबड़ी प्रभारी एवं पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों पर शांति और सौहार्द बनाए रखने तथा गाली-गलौज, विवाद एवं हिंसक गतिविधियों से दूर रहने की अपील की है। पुलिस ने कानून व्यवस्था बिगाड़ने और आम नागरिकों की सुरक्षा को खतरे में डालने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

Exit mobile version