Home Latest गांव में दादागिरी दिखाना पड़ा भारी, युवक पर चाकू से हमला करने...

गांव में दादागिरी दिखाना पड़ा भारी, युवक पर चाकू से हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार

धमतरी। ग्राम जोरातराई (अ) में पुरानी रंजिश और दादागिरी के चलते एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद भखारा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त धारदार चाकू और घटना के समय पहने गए कपड़े भी जब्त किए हैं। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम जोरातराई (अ) निवासी संतू राम साहू (60 वर्ष) ने थाना भखारा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 11 नवंबर की रात करीब 9 बजे वे खाना खाने के बाद अपने घर के पास बैठे थे। इसी दौरान गांव के त्रिदेव निषाद, मनीष साहू सहित अन्य लोग उनके भतीजे देवेंद्र साहू को घायल अवस्था में घर लेकर पहुंचे। पूछताछ करने पर देवेंद्र ने बताया कि रात करीब 8:30 बजे वह शीतला मंदिर के पास बैठा था। वहीं पास में कुछ लोग ताश खेल रहे थे। इसी दौरान गांव का खगेश कुमार निर्मलकर उर्फ सागर निर्मलकर वहां पहुंचा और पुरानी रंजिश व दादागिरी को लेकर गाली-गलौज करने लगा। आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए अपने पास रखे धारदार चाकू से देवेंद्र के पेट के बाईं ओर वार कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल देवेंद्र को डायल 112 की मदद से कुरुद अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रिफर कर दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना भखारा पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 137/26, धारा 109 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपी की तलाश शुरू की और घेराबंदी कर खगेश कुमार निर्मलकर उर्फ सागर निर्मलकर (21 वर्ष), पिता लहरमन निर्मलकर, निवासी ग्राम जोरातराई (अ) को हिरासत में लिया।

पुलिस ने गवाहों के समक्ष पंचायत भवन में आरोपी से पूछताछ की। मेमोरेंडम कथन के आधार पर आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया धारदार बटची चाकू और वारदात के समय पहने गए कपड़े जब्त किए गए। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने 12 नवंबर को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में थाना भखारा पुलिस द्वारा की गई।

Exit mobile version