Home Latest सार्थक के बच्चों से आत्मीय मुलाकात, पवार परिवार ने बढ़ाया हौसला

सार्थक के बच्चों से आत्मीय मुलाकात, पवार परिवार ने बढ़ाया हौसला

प्रतिभाओं को सराहा, आर्थिक कठिनाइयों को समझा और भविष्य में सहयोग का दिया भरोसा

धमतरी | संवेदना, अपनत्व और उत्साह से भरे भावपूर्ण क्षण उस समय देखने को मिले, जब मराठापारा की पूर्व पार्षद नीलू पवार अपने पति रितेश पवार, सास चमेली पवार एवं परिवार के अन्य सदस्यों के साथ सार्थक स्कूल पहुंचीं। पवार परिवार ने विशेष बच्चों से आत्मीय मुलाकात की, उनके साथ समय बिताया, उनकी प्रतिभाओं को करीब से देखा और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए हौसला बढ़ाया।

सार्थक पहुंचते ही बच्चों ने पवार परिवार को पहचान लिया और उन्हें देखकर खुशी से खिल उठे। बच्चों की सहज मुस्कान, आत्मीयता और उत्साह ने परिवार के सदस्यों को भी भावविभोर कर दिया। पवार परिवार ने बच्चों से बातचीत की, उनकी गतिविधियों को जाना और सार्थक में दिए जा रहे प्रशिक्षण एवं बच्चों की प्रतिभाओं को करीब से देखा।

इस अवसर पर रितेश पवार ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि “सार्थक विशेष बच्चों की प्रतिभाओं को पहचानकर, उन्हें निखारकर और सही अवसर प्रदान कर उन्हें उड़ान भरने के लिए पंख दे रहा है। इसका सुंदर परिणाम सत्यांशु दीप के रूप में हमारे सामने है, जिन्होंने स्वीडन में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर देश, प्रदेश और धमतरी का नाम रोशन किया है। हमें पूरा विश्वास है कि इसी तरह सार्थक के अन्य बच्चे भी अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगन के बल पर आगे बढ़ते हुए अपने परिवार, समाज और देश का नाम रोशन करेंगे।”

उन्होंने सार्थक द्वारा विशेष बच्चों के आत्मनिर्भरता, शिक्षा, प्रशिक्षण और प्रतिभा विकास के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे बच्चों को अवसर और प्रोत्साहन मिले तो वे किसी से कम नहीं हैं।आर्थिक कठिनाई से स्कूल नहीं पहुंच पाने वाले बच्चों की समस्या को समझा मुलाकात के दौरान पूर्व पार्षद नीलू पवार ने उन बच्चों की समस्या को गंभीरता और संवेदनशीलता से समझा, जो आर्थिक अभाव के कारण ऑटो किराया वहन नहीं कर पाने से नियमित रूप से स्कूल नहीं आ पाते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी बच्चे की आर्थिक परिस्थिति उसकी शिक्षा और विकास में बाधा नहीं बननी चाहिए।नीलू पवार ने ऐसे बच्चों के आवागमन की समस्या के समाधान के लिए आवश्यक फंड की व्यवस्था कराने हेतु हरसंभव प्रयास करने का विश्वास दिलाया। उनके इस आश्वासन से बच्चों और सार्थक परिवार के बीच एक नई उम्मीद जगी कि आर्थिक कठिनाइयों के कारण कोई बच्चा प्रशिक्षण और शिक्षा से वंचित न रहे।

कुलदीप के नृत्य ने मोह लिया मन इस अवसर पर पवार परिवार ने सार्थक के प्रतिभावान डांसर कुलदीप का नृत्य देखने की इच्छा जाहिर की। कुलदीप ने पूरे आत्मविश्वास और उत्साह के साथ अपनी शानदार नृत्य प्रस्तुति दी। उसकी भावपूर्ण प्रस्तुति और अद्भुत ऊर्जा ने वहां उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया।कुलदीप की प्रतिभा देखकर पवार परिवार के सदस्य अत्यंत प्रसन्न हुए और तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उसका उत्साहवर्धन किया। यह क्षण कुलदीप के साथ-साथ अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणादायक रहा।

पोते श्रेयांश के जन्मदिन पर भावुक हुईं दादी चमेली पवार

मुलाकात का सबसे भावुक क्षण तब आया, जब दादी चमेली पवार बच्चों के बीच पहुंचकर भावुक हो गईं। उन्होंने बताया कि आज उनके स्वर्गवासी पोते श्रेयांश का 20वां जन्मदिन है। बच्चों की मासूम मुस्कान और निश्छल स्नेह को देखकर उनकी आंखें नम हो गईं।

उन्होंने भावुक होकर कहा कि_सार्थक के इन प्यारे बच्चों की मुस्कान में मुझे अपने पोते श्रेयांश की मुस्कान दिखाई देती है। इन बच्चों के बीच आकर मुझे अपार आत्मिक संतोष और अपनापन महसूस होता है।

चमेली पवार ने कहा कि बच्चों का स्नेह उनके मन को छू गया है और वे भविष्य में भी सार्थक के बच्चों से मिलने तथा उनके साथ समय बिताने आती रहेंगी।

स्वल्पाहार के पैकेट भेंट कर बांटी खुशियां प्यार और अपनत्व से भरी इस मुलाकात के अवसर पर पवार परिवार की ओर से सार्थक के सभी बच्चों को आकर्षक एवं स्वादिष्ट स्वल्पाहार के पैकेट भेंट किए गए। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

इस मुलाकात ने बच्चों के चेहरों पर मुस्कान, मन में नई ऊर्जा और आगे बढ़ने का उत्साह भर दिया। वहीं पवार परिवार भी बच्चों की सरलता, प्रतिभा, आत्मविश्वास और स्नेह से अभिभूत नजर आया।

इस अवसर पर मयंक पवार, प्रियतोश जगताप, सुभाष मालिक, सार्थक के प्रशिक्षक मैथिली गोड़े, देविका दीवान, कौशिल्या यादव, काजल रजक एवं सुनैना गोड़े सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Exit mobile version