धमतरी। गणेश उत्सव के पावन पर्व पर महिला समाज परिसर स्थित सखी निवास की बालिकाओं द्वारा भगवान गणेश की दर्शनीय प्रतिमा स्थापित कर पूरे 10 दिनों तक श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ उत्सव मनाया गया। प्रतिदिन सुबह और संध्या आरती के साथ प्रसादी वितरण किया गया।
विशेष रूप से मंगलवार को सखी निवास की सभी बालिकाओं एवं महिला समाज की सदस्यों की सहभागिता से महाप्रसादी वितरण, भजन संध्या एवं मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया। बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भजनों की प्रस्तुति दी। महिला समाज भवन को आकर्षक रंगोली से सजाया गया तथा दीप प्रज्वलन से पूरा परिसर जगमगा उठा।
आयोजन के दौरान सखी निवास की बालिकाओं के लिए आकर्षक, मनोरंजक एवं प्रेरणादायी खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। इनमें भारती साहू, गुलफिशा अहमद, सानिया कुंजाम, लक्ष्मी नेताम, डेविड ध्रुव और दामिनी विश्वकर्मा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए आकर्षक पुरस्कार प्राप्त किए। बालिकाओं ने भजन एवं गरबा की मनमोहक प्रस्तुति देकर भगवान गणेश के प्रति अपनी भक्ति व्यक्त की। इससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
महिला समाज में संचालित सखी निवास में बालिकाओं के लिए आवश्यक सुविधाओं के साथ स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध है। इसी वातावरण में बालिकाओं ने भगवान गणेश की स्थापना कर पूरे 10 दिनों तक पूजा-अर्चना और भक्ति के माध्यम से भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं को जीवंत रखा।
इस अवसर पर महिला समाज की राजुला शाह, मोना शाह, सुषमानंदा, नलिनी सोनी, चंचल लुंकड़, नीलू लुणावत, जिगना बेन, गायत्री साहू सहित महिला समाज के अन्य सदस्य, कर्मचारीगण एवं सखी निवास की बालिकाएं उपस्थित रहीं।







