धमतरी: प्रतिबंधित पॉलीथिन और पानी पाउच पर चला प्रशासन का शिकंजा, 90 बोरी जब्त

0

धमतरी में नगर निगम व आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई, 90 बोरी प्रतिबंधित पानी पाउच जब्त, ₹9 हजार का जुर्माना

धमतरी। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा एवं नगर निगम आयुक्त श्री अरुण कुमार वर्मा के निर्देशानुसार नगर पालिक निगम धमतरी और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने शहर में अवैध खोमचों, गंदगी फैलाने वालों तथा प्रतिबंधित पॉलीथिन और सिंगल यूज़ प्लास्टिक के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की।
संयुक्त टीम ने दानीटोला, सिहावा रोड और सोरिद क्षेत्र में निरीक्षण किया। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने, प्रतिबंधित पॉलीथिन का उपयोग करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले खोमचा संचालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने करीब 90 बोरी प्रतिबंधित पानी पाउच और 10 पैकेट डिस्पोजल सामग्री जब्त की। वहीं नियमों का उल्लंघन करने वाले संबंधित संचालकों से कुल ₹9,000 का अर्थदंड (जुर्माना) भी वसूला गया।
नगर निगम प्रशासन ने कहा कि शहर को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे। प्रतिबंधित पॉलीथिन, अवैध पानी पाउच और सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे स्वच्छता नियमों का पालन करें, प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री का उपयोग पूरी तरह बंद करें तथा पर्यावरण संरक्षण में अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए स्वच्छ और स्वस्थ शहर बनाने में सहयोग दें।
इस संयुक्त कार्रवाई में निगम के प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी शशांक मिश्रा, आबकारी अधिकारी निशांत संधु सहित नगर निगम एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम सक्रिय रूप से मौजूद रही।

Also Read 

नीरज हत्याकांड: गिरफ्तारी नहीं होने पर साहू समाज का आक्रोश, एसपी को सौंपा ज्ञापन