Home Latest तरसींवा में राज्यस्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य समापन, महापौर रामू रोहरा हुए...

तरसींवा में राज्यस्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य समापन, महापौर रामू रोहरा हुए शामिल

कबड्डी जैसे पारंपरिक खेल युवाओं में अनुशासन, साहस और टीम भावना का करते हैं विकास- महापौर रामू रोहरा

धमतरी | ग्राम तरसींवा के बाजार चौक में बोल बम कबड्डी दल के तत्वावधान में आयोजित एक दिवसीय राज्यस्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। समापन समारोह में नगर पालिक निगम धमतरी के महापौर श्री जगदीश रामू रोहरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

महापौर रामू रोहरा ने प्रतियोगिता के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण अंचलों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होना गौरव की बात है। कबड्डी हमारी पारंपरिक खेल संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे आयोजन युवाओं में अनुशासन, साहस, आत्मविश्वास और टीम भावना को मजबूत करते हैं। खेल के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है और वे आगे बढ़कर प्रदेश एवं देश का नाम रोशन कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि शारीरिक और मानसिक विकास का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन देने की, ताकि स्थानीय खिलाड़ी अपनी प्रतिभा के दम पर नई ऊंचाइयां हासिल कर सकें।

महापौर ने बोल बम कबड्डी दल को सफल आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रतियोगिता ने ग्राम तरसीवा में खेल भावना, उत्साह और आपसी सौहार्द का वातावरण निर्मित किया।

Exit mobile version