उफनती महानदी के बीच धमतरी पुलिस का साहसिक रेस्क्यू, लोमस ऋषि आश्रम से 9 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला

0

 रात के अंधेरे में 3 किमी पैदल और 200 मीटर गहरे बाढ़ के पानी को तैरकर पार पहुंचे पुलिस जवान, बच्चों-बुजुर्गों समेत 9 जिंदगियां बचाईं

 एसपी के निर्देशन में करेलीबड़ी पुलिस की जांबाजी: जान जोखिम में डालकर बाढ़ में फंसे लोगों तक पहुंचे जवान, देर रात तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन

धमतरी | पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय,के निर्देशन एवं एएसपी,एवं एसडीओपी कुरूद के मार्गदर्शन में करेलीबड़ी चौकी पुलिस ने बाढ़ की विषम परिस्थितियों में अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए लोमस ऋषि आश्रम एवं गौशाला में फंसे 9 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। रेस्क्यू किए गए लोगों में 3 मासूम बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग साधु एवं एक मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति शामिल थे।

रात 10 बजे मिली सूचना जिस पर तत्काल रवाना हुई पुलिस टीम दिनांक 25 सितंबर 2026 की रात लगभग 10 बजे नवागांव के ग्रामीणों से सूचना प्राप्त हुई कि कुलेश्वर महादेव मंदिर के पास स्थित लोमस ऋषि आश्रम एवं गौशाला में कई लोग बाढ़ के पानी से घिर गए हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए चौकी प्रभारी सउनि राधेश्याम बंजारे पुलिस बल के साथ तत्काल मौके के लिए रवाना हुए।

3 किलोमीटर पैदल और 200 मीटर गहरे पानी को तैरकर पार किया- मगरलोड-राजिम मुख्य मार्ग से कुलेश्वर महादेव मंदिर के पास तक बाढ़ का पानी तेजी से बढ़ चुका था। आश्रम तक पहुंचने का सीधा रास्ता पूरी तरह बाधित होने के बावजूद पुलिस टीम ने हिम्मत नहीं हारी। जवानों ने नवागांव की ओर से नदी किनारे लगभग 3 किलोमीटर का कच्चा रास्ता पैदल तय किया।

इसके बाद चौकी प्रभारी राधेश्याम बंजारे, आरक्षक अनिल कुमार साहू एवं स्थानीय ग्रामीण नंदेश ध्रुव ने करीब 200 मीटर गहरे बाढ़ के पानी को तैरकर पार किया। टीम ने दो बार फेरे लगाकर आश्रम में फंसे लोगों तक पहुंच बनाई और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने की कार्यवाही शुरू की।
रात करीब 1 बजे तक चला साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार बढ़ते जलस्तर और अंधेरे के बीच पुलिस टीम ने अत्यंत सावधानी से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद देर रात करीब 1 बजे तक सभी 9 लोगों को सकुशल बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।

सुरक्षित निकाले गए लोगों में- दुर्गेशचंद्र प्रधान (38 वर्ष), पत्नी पूनम प्रधान (30 वर्ष), उपासना (10 वर्ष), अघनी (6 वर्ष) एवं अंश प्रधान (2 वर्ष) – निवासी सुकली भाठा, देवभोग, जिला गरियाबंद।
– नेहरू राम साहू (54 वर्ष) – निवासी झाझर झोरी, नवापारा, जिला रायपुर।
– श्री धारानंद महात्मा (81 वर्ष) – निवासी झबरा, जिला मैनपुरी, उत्तर प्रदेश।
– श्री फकलूरम महानंद (77 वर्ष) – निवासी पैण्ड्रावन, जिला नुवापाड़ा, ओडिशा।
– एक मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति (उम्र लगभग 55 वर्ष)।

पुलिस एवं ग्रामीणों की संयुक्त मेहनत से सफल हुआ रेस्क्यू –

इस साहसिक रेस्क्यू अभियान में चौकी प्रभारी सउनि.राधेश्याम बंजारे, प्रआर. लोकेश नेताम, प्रआर. हरिश सोरी, आरक्षक अनिल कुमार साहू, विश्वजीत वर्मा, यशवंत लहरी सहित ग्रामीण नंदेश साहू (34 वर्ष), निवासी भेण्डरी एवं सरपंच पति अवधराम साहू (40 वर्ष), निवासी नवागांव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

बाढ़ की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में पुलिस जवानों एवं ग्रामीणों की टीम ने समन्वय, साहस और तत्परता का परिचय देते हुए सभी फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। समय पर की गई इस कार्यवाही से 9 लोगों की जान सुरक्षित बचाई जा सकी।

स्थानीय ग्रामीणों ने धमतरी पुलिस की इस साहसिक एवं मानवीय पहल की सराहना करते हुए पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।