आरसीसी नालियों और सीसी रोड के लिए 1.48 करोड़ मंजूर

0

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद स्वीकृति आदेश जारी

धमतरी | नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने धमतरी जिले के कुरूद नगर पालिका में चार कार्यों के लिए कुल एक करोड़ 48 लाख रुपए से अधिक की राशि स्वीकृत की है। इनमें तीन आरसीसी नालियों के निर्माण के लिए एक करोड़ 18 लाख 61 हजार रुपए और एक सीसी रोड के लिए 29 लाख 44 हजार रुपए शामिल हैं। उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन मंत्री श्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद विभाग ने संचालनालय से इनकी मंजूरी के आदेश जारी कर दिए हैं।

कुरूद विधायक श्री अजय चंद्राकर ने कुरूद नगर पालिका क्षेत्र में आरसीसी नालियों एवं सीसी सड़क निर्माण के लिए राशि स्वीकृत किए जाने पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली राज्य सरकार तथा उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री श्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि नगर के विभिन्न वार्डों में अधोसंरचना विकास से जुड़े इन कार्यों की स्वीकृति से नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी और जल निकासी तथा आवागमन की व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।

श्री चंद्राकर ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा नगरीय क्षेत्रों के विकास और नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए लगातार आवश्यक अधोसंरचना कार्यों को स्वीकृति दी जा रही है। कुरूद नगर पालिका में स्वीकृत आरसीसी नालियों और सीसी सड़क के निर्माण से संबंधित वार्डों के नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने इन विकास कार्यों के लिए राज्य शासन एवं उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि कुरूद के विकास के लिए आवश्यक कार्यों को आगे भी प्राथमिकता के साथ कराया जाएगा।

नगरीय प्रशासन एवं विकास विकास ने कुरूद नगर पालिका के वार्ड क्रमांक-1 में भारतीय स्टेट बैंक से छोटे नहर तक आरसीसी नाली के निर्माण के लिए 53 लाख 17 हजार रुपए, वार्ड क्रमांक-15 में कन्हारपुरी रोड में आरसीसी नाली के लिए 19 लाख 36 हजार रुपए तथा वार्ड क्रमांक-21 में मंगलम हार्डवेयर से छोटे नहर तक आरसीसी नाली के लिए 46 लाख 8 हजार रुपए स्वीकृत किए हैं। विभाग ने कन्हारपुरी रोड में सीसी सड़क के निर्माण के लिए भी 29 लाख 44 हजार रुपए मंजूर किए हैं। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट से अधोसंरचना मद से ये राशि जारी की गई है।