गणेश विसर्जन से पहले पुलिस का बदमाशों पर शिकंजा, थाने में कराई परेड
नशे और अपराध से दूर रहने की दिलाई शपथ, अड्डेबाजी व चाकूबाजी पर रहेगी विशेष नजर
धमतरी l गणेश विसर्जन झांकी और आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने धमतरी पुलिस ने असामाजिक एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों के खिलाफ निगरानी और चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में सिटी कोतवाली, अर्जुनी और रूद्री थाना क्षेत्र के गुंडा बदमाश, निगरानी बदमाश एवं माफी बदमाशों को थाने बुलाकर परेड कराई गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डी.सी. पटेल एवं डीएसपी साइबर भानूप्रताप चंद्राकर के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस अधिकारियों ने संबंधित लोगों से व्यक्तिगत चर्चा की और अपराध तथा नशे से दूर रहकर शांतिपूर्ण जीवन जीने की समझाइश दी। उन्हें नशे और अपराध से दूर रहने की शपथ भी दिलाई गई। पुलिस ने चेतावनी दी कि भविष्य में आपराधिक अथवा अशांति फैलाने वाली गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर कठोर वैधानिक एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि संबंधित व्यक्तियों के आचरण एवं गतिविधियों में लगातार सुधार रहता है और वे जिम्मेदार नागरिक के रूप में शांतिपूर्ण जीवन व्यतीत करते हैं, तो नियमानुसार उनके निगरानी संबंधी रिकॉर्ड में सुधार की कार्रवाई की जा सकती है।
अड्डेबाजी और चाकूबाजी पर विशेष नजर
त्योहारों के मद्देनजर संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की पेट्रोलिंग एवं सघन चेकिंग बढ़ाई जाएगी। अड्डेबाजी, लड़ाई-झगड़ा, चाकूबाजी और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। थाना प्रभारियों को ऐसे तत्वों के विरुद्ध प्रभावी प्रतिबंधात्मक एवं माइनर एक्ट के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
धमतरी पुलिस ने कहा है कि त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ लगातार निगरानी, चेकिंग और आवश्यकतानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में डीएसपी साइबर भानूप्रताप चंद्राकर, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक राजेश जगत सहित सिटी कोतवाली, अर्जुनी एवं रूद्री थाना के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों का योगदान रहा।







