धमतरी। छत्तीसगढ़ में भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा आज कर दी गई। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा जी ने छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रहे श्री विष्णु देव साय जी को पुनः एक बार छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी है। विष्णु देव साय जी के प्रदेश अध्यक्ष बनने पर भाजपा नेता प्रीतेश गांधी ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनके अध्यक्ष बनने से भाजपा छत्तीसगढ़ के समस्त कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं में हर्ष है। श्री विष्णु देव साय जी तीसरी बार अध्यक्ष पद पर आसीन हुए हैं और उनके प्रदेश अध्यक्ष बनने पर सभी कार्यकर्ताओं में एक नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
प्रीतेश गांधी ने कहा कि अपने सरल व्यवहार, कुशल नेतृत्व व सबको साथ लेकर चलने वाले आदरणीय विष्णु देव साय जी के नेतृत्व में हम सभी कार्यकर्ता पूरे समर्पण भाव से कार्य करने के लिए उत्साहित हैं। इससे पहले भी उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ भाजपा ने कई कीर्तिमान स्थापित किये हैं। केंद्रीय मंत्री रहते हुए भी उन्होंने छत्तीसगढ़ के प्रति अपने प्रेम को स्पष्ट करते हुए प्रदेश के विकास हेतु हमेशा समर्पित होकर कार्य किया।
प्रीतेश गांधी ने कहा कि मैं आदरणीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा जी का भी आभार व्यक्त करता हूँ कि उन्होंने छत्तीसगढ़ के सपूत और एक जननेता को प्रदेश की पुनः सेवा करने का सुअवसर दिया। श्री विष्णु देव साय जी ने अपने सामाजिक, राजनीतिक व व्यक्तिगत जीवन में हमेशा सबको एकजुट रखकर कार्य करने की जो प्रतिभा दिखाई है वह प्रशंसनीय है। यही वजह है कि वे प्रदेश व पार्टी के एक लाडले व जनप्रिय नेता हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि उनके कुशल मार्गदर्शन में भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ एक नई दिशा व उपलब्धि को प्राप्त करेगा।