नवरात्र में जारी गाइडलाइन का विरोध, आस्था रैली में शामिल युवकों को पुलिस ने किया गिरफ्तार 

248

धमतरी | क्वार नवरात्र में दुर्गा प्रतिमा स्थापना के लिए जिला प्रशासन द्वारा जारी की गई गाइडलाइन का विरोध करते हुए श्री राम हिंदू संगठन ने सोमवार को घड़ी चौक से आस्था रैली निकाली | हिंदू संगठन के सदस्य रैली में मां दुर्गा की प्रतिमा और डीजे साथ लेकर चल रहे थे|  रैली को पुलिस ने एकलव्य खेल मैदान के पास रोक लिया और आंदोलन कर रहे कुछ युवाओं को हिरासत में ले लिया है|  उल्लेखनीय है कि 17 अक्टूबर से क्वार नवरात्र पर्व की शुरुआत हो रही है | कोरोना  संक्रमण को देखते हुए जिला प्रशासन ने गाइडलाइन जारी की है जिसके मुताबिक मूर्ति की ऊंचाई एवं चौड़ाई 5 बाई 6 फीट से अधिक न हो |पंडाल की ऊंचाई 15 बाई 15 से अधिक न हो | पंडाल के आसपास दर्शकों एवं आयोजकों के बैठने के लिए कुर्सी नहीं लगाई जाएगी | किसी भी मंडप में एक समय तक 20 से अधिक व्यक्ति न हो |इसके अलावा समिति को एक रजिस्टर भी संधारित करना होगा जिसमें दर्शन के लिए पहुंचने वाले लोगों का नाम व मोबाइल नंबर दर्ज किया जाए ताकि कोई व्यक्ति कोरोना  संक्रमित  होने पर  उसकी कांटेक्ट  ट्रेसिंग  की जा सके | कोई भी व्यक्ति पूजा , दर्शन के लिए बिना मास्क के शामिल नहीं हो सकेगा| ऐसा पाए जाने पर आयोजन समिति पर वैधानिक कार्यवाही होगी | मूर्ति स्थापना में भंडारा, जगराता सांस्कृतिक कार्यक्रम की अनुमति नहीं होगी| प्रशासन द्वारा जारी इन नियमों को शिथिल करने की मांग को लेकर श्री राम हिंदू संगठन ने घड़ी चौक से कलेक्ट्रेट तक रैली का आयोजन किया गया था | डीजे और जयकारे के साथ शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए  रैली कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ रही थी तभी एकलव्य खेल मैदान के सामने पहले से मौजूद पुलिस ने रैली को आगे जाने से रोक दिया|  पुलिस ने रैली में शामिल कुछ युवाओं को हिरासत में ले लिया है| श्री राम हिंदू संगठन का कहना है कि शासन-प्रशासन हिन्दुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ कर रहा है | पहले की तरह नवरात्र पर्व में छूट देने की मांग संगठन द्वारा की जा रही है।