तेंदुए ने अधेड़ को बनाया शिकार, बेलरगांव क्षेत्र में दहशत…क्षत विक्षत मिली लाश

1

शौच के लिए निकला था मृतक,कोरमुड़ गांव की दर्दनाक घटना

धमतरी। जिले के वनांचल क्षेत्र बेलरगांव इलाके के कोरमुड़ गांव में तेंदुए के हमले में एक अधेड़ की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में भय, दहशत का माहौल है। ग्रामीण रात होते ही घरों में कैद होने को मजबूर हैं। मिली जानकारी के अनुसार चौतूराम मंडावी निवासी कोड़मुड़ गांव के पास स्थित पहाड़ी इलाके की ओर 26 मई की सुबह शौच के लिए गया था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। काफी इंतजार के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन रात में कोई सुराग नहीं मिला।28 मई की सुबह गांव के पास गढ़िया डोंगरी पहाड़ी क्षेत्र में पैडगरी रास्ते मे चौतूराम का शव बरामद हुआ। शव की हालत भयावह थी,क्षत विक्षत स्थिति में पाई गई। घटनास्थल पर घसीटने के निशान भी पाए गए हैं। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि तेंदुए ने हमला कर अधेड़ को अपना शिकार बनाया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। वन अमला इलाके में निगरानी बढ़ाने और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दे रहा है, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि केवल सलाह से अब जान नहीं बचेगी। कोरमुड़ और आसपास का क्षेत्र चारों ओर से घने जंगलों और पहाड़ियों से घिरा हुआ है। यह इलाका तेंदुए, भालू और अन्य वन्यजीवों का प्राकृतिक आवास माना जाता है। भीषण गर्मी और जंगलों में भोजन-पानी की कमी के चलते वन्यजीव लगातार गांवों की ओर रुख कर रहे हैं। इसी वजह से मानव और वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं।ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि इलाके में लगातार गश्त बढ़ाई जाए तेंदुए को जल्द पकड़ने विशेष टीम तैनात की जाए।गांव में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाए।प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए।