
भोजन की तलाश में जंगल से भटककर गांव पहुंचा था तेंदुआ, स्वास्थ्य परीक्षण के बाद प्राकृतिक आवास में छोड़ा गया
धमतरी। नगरी वन परिक्षेत्र के ग्राम महामल्ला में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक तेंदुआ सूखे कुएं में गिरा हुआ मिला। भोजन की तलाश में जंगल से भटककर रिहायशी इलाके के पास पहुंचे तेंदुए को कुएं में फंसा देख ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कई घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार तेंदुआ जंगल से निकलकर गांव के समीप पहुंचा था। इसी दौरान वह खुले पड़े सूखे कुएं में गिर गया। सुबह ग्रामीणों की नजर जब कुएं के भीतर बैठे तेंदुए पर पड़ी तो पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सुरक्षा को देखते हुए ग्रामीणों ने तेंदुए से दूरी बनाए रखी और वन विभाग को सूचना दी।
डीएफओ कृष्णा जाधव के निर्देशन में वन विभाग की टीम तत्काल घटनास्थल पहुंची। टीम ने पूरी सावधानी और तकनीकी तरीके से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। काफी मशक्कत के बाद तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकाला गया। स्वास्थ्य परीक्षण में तेंदुआ पूरी तरह सामान्य पाया गया, जिसके बाद उसे उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।
डीएफओ कृष्णा जाधव ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तेंदुए का सुरक्षित रेस्क्यू किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि वन्यजीव दिखने पर घबराएं नहीं और न ही उसे पकड़ने या भगाने का प्रयास करें। इसकी सूचना तुरंत वन विभाग को दें, ताकि सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया जा सके।
ग्रामीणों की सतर्कता और वन विभाग की त्वरित कार्रवाई से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद क्षेत्र में वन्यजीवों की आवाजाही को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है






