मोबाइल पर हुई दोस्ती बनी मौत की वजह, अवैध संबंध के शक में युवक की टंगिया मारकर हत्या

66

केरेगांव थाना क्षेत्र के बाजार कुर्रीडीह की घटना, आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज, पुलिस कर रही जांच

धमतरी। धमतरी जिले के केरेगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बाजार कुर्रीडीह में अवैध संबंध के शक में एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि पत्नी के साथ युवक को घर में देखकर पति ने गुस्से में टंगिया से हमला कर दिया, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के मंदसौर निवासी शंकर सूर्यवंशी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि करीब एक वर्ष पहले उसकी पहचान बाजार कुर्रीडीह निवासी एक महिला से मोबाइल फोन के माध्यम से हुई थी। समय के साथ दोनों के बीच बातचीत बढ़ती गई।
बताया जा रहा है कि बुधवार को शंकर सूर्यवंशी महिला से मिलने मंदसौर से धमतरी पहुंचा था। रात के समय वह महिला के घर पर मौजूद था। इसी दौरान महिला का पति घर पहुंच गया। आरोप है कि उसने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देखकर आक्रोश में टंगिया से युवक पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल शंकर सूर्यवंशी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही केरेगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी पति के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में घटना अवैध संबंध के शक से जुड़ी प्रतीत हो रही है, हालांकि वास्तविक परिस्थितियां विवेचना पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी।