भखारा में चाकू की नोक पर लूट का खुलासा: धमतरी पुलिस ने 3 आरोपी गिरफ्तार किए, ₹30 हजार नगद, वाहन व हथियार बरामद

8

भखारा लूटकांड का खुलासा: तीन आरोपी गिरफ्तार, एक अपचारी बालक भी शामिल

धमतरी। धमतरी पुलिस ने भखारा थाना क्षेत्र में हुई लूट की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत अपचारी बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तूफान वाहन, एक धारदार चाकू, तीन मोबाइल फोन तथा लूटी गई राशि में से 30 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार 6 जुलाई 2026 की रात करीब 10 बजे प्रार्थी मनीष सोनवानी अपने पिता खम्मन सोनवानी के साथ छोटा हाथी वाहन से मवेशियों को ग्राम रिवागहन ले जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम दर्री और गुजरा के बीच तूफान वाहन में सवार चार आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया।

आरोपियों ने मवेशी परिवहन को लेकर गाली-गलौज करते हुए दोनों के साथ मारपीट की तथा चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने 50 हजार रुपये नगद लूट लिए और क्यूआर कोड के माध्यम से 28,500 रुपये आरोपी नीरज ध्रुवंशी के बैंक खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए।

घटना की सूचना पर थाना भखारा में अपराध क्रमांक 77/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(6), 311 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों की तलाश की। लगातार दबिश देकर पुलिस ने तीन आरोपियों और एक अपचारी बालक को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने वारदात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तूफान वाहन क्रमांक CG 05 X 4660, एक धारदार चाकू, तीन मोबाइल फोन तथा लूटी गई राशि में से 30 हजार रुपये नगद बरामद किए गए।

गिरफ्तार आरोपियों में नागेंद्र साहू (19 वर्ष), नीरज ध्रुवंशी (23 वर्ष) और विनय ध्रुवंशी (24 वर्ष) शामिल हैं। तीनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। वहीं एक विधि से संघर्षरत अपचारी बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

धमतरी पुलिस ने कहा है कि जिले में लूट, चोरी, मारपीट, अवैध हथियार और अन्य गंभीर अपराधों में संलिप्त असामाजिक तत्वों के विरुद्ध आगे भी सख्त और प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।