
साय सरकार ने तकनीकी कारण बताकर जरूरतमंदों के नाम काटे, गरीब और असहाय लोग सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर।
धमतरी | जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने प्रदेश की भाजपा साय सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार गरीबों को उनके बुनियादी अधिकारों से वंचित कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिलने वाले मकानों की सूची से तकनीकी कारणों का हवाला देकर भारी संख्या में जरूरतमंद और गरीब परिवारों के नाम काट दिए गए हैं। यह सीधे तौर पर गरीबों के हक पर डाका डालने जैसा है। जिलेभर के गरीब और पात्र लोग आज अपने आशियाने की आस में सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। और अधिकारी तकनीकी खामी बताकर उन्हें बैरंग लौटा रहे हैं। जिस गरीब के सिर पर छत नहीं है, उसे फाइलों और नियमों के जाल में उलझाकर परेशान किया जा रहा है। सरकार की इस संवेदनहीनता के कारण गरीब जनता दर-दर की ठोकरें खा रही है। प्रदेश की भाजपा साय सरकार लगातार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है. जब से प्रदेश मोदी की गारंटी वाली में विष्णु देव साय की सरकार बनी है. तब से प्रदेश के गरीब वर्ग के साथ अन्नदाता किसान लगातार प्रताड़ित हो रहे हैं. जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने साय सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी गरीबों के साथ हो रहे इस अन्याय को कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। अगर तकनीकी खामियों को जल्द दूर कर अपात्र किए गए असली जरूरतमंदों के नाम सूची में वापस नहीं जोड़े गए और उन्हें आवास की स्वीकृति नहीं मिली, तो कांग्रेस सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी। सरकार को गरीबों के हित में तुरंत ठोस कदम उठाना होगा।






