ग्राम खरेंगा हाई स्कूल में धमतरी पुलिस की जागरूकता पहल, विद्यार्थियों को नशामुक्ति, साइबर सुरक्षा और महिला सुरक्षा की दी जानकारी

2

धमतरी। सामुदायिक पुलिसिंग को जन-जन तक पहुंचाने और युवाओं में कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस द्वारा लगातार जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को थाना अर्जुनी पुलिस ने ग्राम खरेंगा हाई स्कूल में छात्र-छात्राओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव, नशामुक्त जीवन का महत्व, महिला एवं बालिका सुरक्षा, गुड टच-बैड टच, साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन ठगी से सुरक्षा, सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, यातायात नियमों के पालन और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।
बालिकाओं को उनकी सुरक्षा एवं अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या साइबर अपराध की स्थिति में बिना संकोच पुलिस को सूचना देने और हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों से नशे से दूर रहकर शिक्षा, अनुशासन और नैतिक मूल्यों के साथ उज्ज्वल भविष्य बनाने का संकल्प भी दिलाया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के सवालों के व्यावहारिक जवाब देकर उन्हें कानून और सामाजिक जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई। पुलिस ने भविष्य में भी स्कूलों और कॉलेजों में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित करने की बात कही।
यह अभियान पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिलेभर के स्कूलों, महाविद्यालयों और गांवों में संचालित सामुदायिक पुलिसिंग अभियान का हिस्सा है। कार्यक्रम में स्कूल के प्राचार्य, शिक्षकगण, थाना अर्जुनी के पुलिस अधिकारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।