नवागत आयुक्त अरूण कुमार वर्मा ने महापौर रामू रोहरा से की सौजन्य भेंट, नगर विकास के मुद्दों पर हुई विस्तृत चर्चा

1

धमतरी | नगर पालिक निगम धमतरी की पूर्व आयुक्त श्रीमती प्रिया गोयल के स्थानांतरण के पश्चात नवपदस्थ आयुक्त श्री अरूण कुमार वर्मा ने पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद महापौर कक्ष पहुंचकर महापौर श्री रामू रोहरा से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने महापौर को पुष्पगुच्छ भेंट कर औपचारिक मुलाकात की। महापौर श्री रामू रोहरा ने नवागत आयुक्त का आत्मीय स्वागत करते हुए उनके सफल, पारदर्शी एवं जनहितकारी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं एवं बधाई दी। भेंट के दौरान महापौर एवं आयुक्त के बीच शहर के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, पेयजल आपूर्ति सुदृढ़ करने, सड़क निर्माण एवं मरम्मत, नालियों एवं जल निकासी व्यवस्था में सुधार, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण नगर निगम सेवाएं उपलब्ध कराने जैसे मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। महापौर श्री रामू रोहरा ने कहा कि नगर के विकास के लिए जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी के सामूहिक प्रयासों से विकास कार्यों में तेजी आएगी तथा शहरवासियों की अपेक्षाओं के अनुरूप जनहित के कार्य प्राथमिकता के साथ किए जाएंगे। नवागत आयुक्त श्री अरूण कुमार वर्मा ने भी नगर के सर्वांगीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शी प्रशासन तथा नागरिकों को समयबद्ध एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को गति प्रदान की जाएगी। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं पार्षदों ने नवागत आयुक्त का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि महापौर एवं आयुक्त के बेहतर तालमेल से नगर विकास की योजनाओं को नई दिशा और गति मिलेगी तथा धमतरी शहर स्वच्छता, सुशासन और समग्र विकास के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा।