जिले के युवाओं के लिए सुनहरा अवसर : 16 जुलाई को लगेगा रोजगार मेला

1

प्रदेश के बाहर विभिन्न प्रतिष्ठित उद्योगों में रोजगार के अवसर, लाईवलीहुड कॉलेज धमतरी में होगा आयोजन

धमतरी | जिले के शिक्षित एवं रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं को निजी क्षेत्र में बेहतर रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन धमतरी लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में जिला प्रशासन एवं Aamdhane Private Limited के मध्य हुए समझौता (एमओयू) के तहत आगामी 16 जुलाई 2026 को लाईवलीहुड कॉलेज, धमतरी में प्रातः 11 बजे से रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेले के माध्यम से जिले के इच्छुक युवाओं को प्रदेश के बाहर लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउसिंग, विनिर्माण (मैन्युफैक्चरिंग), उत्पादन, निर्माण, अवसंरचना, खुदरा (रिटेल), ई-कॉमर्स, ऑटोमोबाइल एवं वस्त्र उद्योग सहित विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिष्ठित औद्योगिक एवं व्यावसायिक संस्थानों में उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार प्रदान किया जाएगा।कलेक्टर एवं अध्यक्ष, जिला परियोजना लाईवलीहुड कॉलेज, श्री अबिनाश मिश्रा धमतरी ने जिले के शासकीय पॉलीटेक्निक, स्नातकोत्तर महाविद्यालय, आईटीआई तथा अन्य तकनीकी एवं उच्च शिक्षण संस्थानों के प्राचार्यों को निर्देशित किया है कि ऐसे युवाओं का चिन्हांकन करें, जो प्रदेश के बाहर रोजगार प्राप्त करने के इच्छुक हों। उन्होंने यह भी निर्देश दिए हैं कि संबंधित अभ्यर्थियों को उनके अभिभावकों के साथ निर्धारित तिथि एवं समय पर रोजगार मेले में उपस्थित होना सुनिश्चित कराया जाए, ताकि उन्हें उपलब्ध रोजगार अवसरों की जानकारी, मार्गदर्शन एवं चयन प्रक्रिया का लाभ मिल सके। जिला प्रशासन ने जिले के पात्र एवं इच्छुक युवाओं से अपील की है कि वे इस रोजगार मेले का अधिक से अधिक लाभ उठाकर निजी क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार के अवसरों का लाभ लें तथा अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाएं।