ग्रेच्युटी के नाम पर रिश्वत का खेल बेनकाब, धमतरी में एसीबी के जाल में फंसा कर्मचारी

22

धमतरी में एक लाख रुपये लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, कर्मा नगर स्थित घर पर हुई कार्रवाई

धमतरी। भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए विद्युत यांत्रिकी विभाग के कर्मचारी लकेश्वर (लकेश) साहू को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर ग्रेच्युटी राशि जारी करने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है। जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता गुमान सिंह ने एसीबी से शिकायत की थी कि उनके पिता संतोष सोनकर की ग्रेच्युटी राशि के भुगतान के लिए लकेश्वर साहू द्वारा एक लाख रुपये की मांग की जा रही है। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। बुधवार को आरोपी ने शिकायतकर्ता को अपने कर्मा नगर स्थित निवास पर बुलाया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने एक लाख रुपये की राशि सौंपी, पहले से घात लगाए एसीबी अधिकारियों ने दबिश देकर आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली गई। एसीबी टीम का नेतृत्व कर रहे निरीक्षक मनीष तंबोली ने बताया कि संतोष सोनकर की ग्रेच्युटी राशि भुगतान के लिए उनके पुत्र गुमान सिंह से एक लाख रुपये की मांग की गई थी। शिकायत की पुष्टि होने पर ट्रैप कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई की खबर फैलते ही विद्युत यांत्रिकी विभाग सहित संबंधित कार्यालयों में हड़कंप की स्थिति बन गई।