
साल्हेवारपारा की गाड़ापारा बस्ती में कार्रवाई, आरोपी मौके से फरार; हिंदू संगठनों ने शीघ्र गिरफ्तारी नहीं होने पर थाना घेराव की दी चेतावनी
धमतरी। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत साल्हेवारपारा वार्ड की गाड़ापारा बस्ती में बड़ी मात्रा में संदिग्ध पशु मांस मिलने से गुरुवार को हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंचे गौ सेवकों और हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि बस्ती के भीतर एक व्यक्ति द्वारा पशु की कटाई की जा रही थी। मौके पर पहुंचने पर कथित रूप से मांस के टुकड़े, पशु के पैर और खाल मिले, जबकि कटाई कर रहा व्यक्ति मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में गौ सेवक और हिंदू संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे तथा पुलिस को सूचना दी। सूचना पर सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी और कोतवाली थाना प्रभारी राजेश जगत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस के पहुंचने से पहले ही संदिग्ध व्यक्ति फरार हो चुका था, जिसकी तलाश की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच पूरी होने तक कोई आधिकारिक पुष्टि करने से इनकार किया है।
हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने दावा किया कि उन्हें सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति द्वारा गौवंश की कटाई की जा रही है। उनका कहना है कि मौके पर बड़ी मात्रा में संदिग्ध मांस के साथ हड्डियां, खुर और खाल भी मिले हैं। संगठन के सदस्यों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रूप से पशु मांस की कटाई और बिक्री का काम किया जा रहा है, जिसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। इस दौरान चित्रेश साहू, डागेश्वर साहू, अभिषेक साहू, सत्यम सिन्हा, शिवांश पटवा, दादू साहू, मनीष फुटान, सुभाष चंद्राकर और विजयंत सहित कई गौ सेवक एवं हिंदू संगठन के सदस्य मौके पर मौजूद रहे।
गिरफ्तारी नहीं होने पर थाना घेराव की चेतावनी
हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं होती है तो कोतवाली थाना का घेराव किया जाएगा। संगठन ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
जांच के लिए हैदराबाद भेजा जाएगा सैंपल
सूचना मिलने के बाद पुलिस और पशु चिकित्सा विभाग की टीम मौके पर पहुंची। विभाग ने मौके से साक्ष्य जुटाकर संदिग्ध मांस को जब्त कर लिया है।
करीब 86 किलो मांस बरामद
मामले की जानकारी देते हुए जिला पशु चिकित्सालय धमतरी के डॉक्टर मयंक पटेल ने बताया:
”हमें पुलिस विभाग से गाड़ा पारा इलाके में पशु मांस काटे जाने की सूचना मिली थी। इसके तुरंत बाद मैं और मेरे सहयोगी पशु चिकित्सक मौके पर पहुंचे। वहां से साक्ष्य (Evidences) इकट्ठे किए गए हैं और बरामद मांस का वजन कराया गया है, जो लगभग 86 किलोग्राम के आसपास पाया गया है।”
पुष्टि के लिए हैदराबाद भेजी जाएगी रिपोर्ट
जब मीडिया कर्मियों ने डॉक्टर मयंक पटेल से पूछा कि प्रथम दृष्टया यह किसका मांस लग रहा है, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि पहली नजर में यह केवल मांस ही समझ में आ रहा है। बिना लैब टेस्ट और वैज्ञानिक पुष्टि के यह बताना संभव नहीं है कि यह किस पशु का मांस है।
उन्होंने आगे बताया कि इसकी सटीक पुष्टि के लिए मांस के सैंपल तैयार कर जांच के लिए हैदराबाद लैब भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट कब तक आएगी, इस सवाल पर उन्होंने कहा कि मीट सैंपल की रिपोर्ट की समय-सीमा लैब के स्तर पर ही तय होती है। लैब से रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की स्थिति साफ हो पाएगी।






