धमतरी: विश्व पर्यावरण दिवस पर अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर निगम की विशेष बैठक, 12 जून तक चलेगा अभियान

1

धमतरी। नगर पालिक निगम धमतरी में शुक्रवार, 05 जून 2026 को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर निगम सामान्य सभा की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में “A Global Call for Climate Action” विषय के अंतर्गत अपशिष्ट पृथक्करण (4-Stream) और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।

5 से 12 जून तक चलेगा राज्यव्यापी विशेष अभियान

​बैठक में जानकारी दी गई कि मुख्य कार्यपालन अधिकारी सह मिशन डायरेक्टर (SBM-U 2.0) राज्य शहरी विकास अभिकरण, नवा रायपुर अटल नगर द्वारा जारी निर्देशों के तहत 05 जून से 12 जून 2026 तक राज्यव्यापी विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, कचरे के स्रोत स्तर पर पृथक्करण (Source Segregation) और जनजागरूकता को बढ़ावा देना है।

जनप्रतिनिधि बनेंगे “लीड फैसिलिटेटर्स”

​बैठक में बताया गया कि भारत सरकार के स्वच्छ भारत मिशन-शहरी 2.0 के अंतर्गत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 लागू किए गए हैं। साथ ही माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा पारित आदेशों के अनुसार नगरीय निकायों में इन नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत महापौर, सभापति एवं पार्षदों को अपने-अपने वार्डों में जनजागरूकता बढ़ाने के लिए “लीड फैसिलिटेटर्स” के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

6 जून को एक्सपोजर विजिट, 7 से 12 जून तक घर-घर जागरूकता अभियान

​नगरीय प्रशासन द्वारा तय कार्यक्रम के अनुसार, 06 जून 2026 को एक विशेष एक्सपोजर विजिट कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें जनप्रतिनिधियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं और वैज्ञानिक प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अवलोकन कराया जाएगा।

​इसके बाद, 07 जून से 12 जून 2026 तक शहर में व्यापक स्तर पर घर-घर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान नागरिकों को चार प्रकार के अपशिष्टों: सूखा कचरा ,​गीला कचरा,​घरेलू खतरनाक अपशिष्ट,​सैनिटरी अपशिष्ट ​के पृथक्करण (4-Stream Segregation) की विस्तृत जानकारी दी जाएगी तथा सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

स्वास्थ्य सभापति निलेश लूनिया ने की नागरिकों से अपील

​नगर निगम प्रशासन एवं स्वास्थ्य सभापति निलेश लूनिया ने धमतरी के नागरिकों से अपील की है कि वे इस स्वच्छता अभियान में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाएं। उन्होंने कहा कि कचरे के पृथक्करण को अपनी दैनिक आदत बनाएं और धमतरी को एक स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ शहर बनाने में निगम प्रशासन का सहयोग करें।