
आईआईटी, मेडिकल और प्रशासनिक सेवाओं का लक्ष्य रखें युवा धीवर समाज के प्रतिभा सम्मान एवं कैरियर काउंसलिंग समारोह में 85 मेधावी विद्यार्थियों और राष्ट्रीय खिलाड़ियों का सम्मान
धमतरी | शिक्षा और प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को आयोजित धीवर समाज के कैरियर काउंसलिंग एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में जिले के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा एवं एसडीएम श्री पीयूष तिवारी ने विद्यार्थियों को सफलता के सूत्र बताते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर कक्षा 10वीं एवं 12वीं की परीक्षाओं में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण 85 छात्र-छात्राओं को पुस्तक, कॉपी, पेन एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को नगद पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। राष्ट्रीय स्तर पर कराते प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों अंजली फूटान, रिया फूटान एवं संतोषी मत्स्यपाल को “धीवर समाज गौरव सम्मान” से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कहा कि शिक्षा किसी भी परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास की सबसे बड़ी आधारशिला है। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा पर किया गया व्यय वास्तव में भविष्य में किया गया निवेश है, जिसका लाभ कई गुना होकर पूरे समाज और देश को प्राप्त होता है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आग्रह किया। कलेक्टर ने कहा कि समाज में अनेक प्रतिभाएं हैं, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। ऐसे सफल व्यक्तियों को विद्यार्थियों के बीच लाकर प्रेरणादायी संवाद आयोजित किए जाने चाहिए। साथ ही विद्यार्थियों को इंजीनियरिंग, मेडिकल, आईआईटी, एनआईटी एवं अन्य प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों का शैक्षणिक भ्रमण कराकर उनके सपनों को नई दिशा दी जा सकती है। एसडीएम श्री पीयूष तिवारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी बड़ी परीक्षा में सफलता प्राप्त करने के लिए धैर्य, निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि एक-दो प्रयासों में सफलता न मिले तो निराश होने के बजाय अपने लक्ष्य के प्रति और अधिक समर्पण के साथ आगे बढ़ना चाहिए। कैरियर मार्गदर्शन सत्र में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को विषय चयन एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। गणित विषय के व्याख्याता एवं मास्टर ट्रेनर श्री आलोक मत्स्यपाल ने इंजीनियरिंग क्षेत्र में संभावनाओं तथा गणित विषय के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। चिकित्सा क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक विद्यार्थियों को नीट परीक्षा की तैयारी एवं बायोलॉजी विषय के संबंध में उपयोगी जानकारी प्रदान की गई। वहीं वाणिज्य संकाय के विद्यार्थियों को बैंकिंग, चार्टर्ड अकाउंटेंसी एवं वित्तीय क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी गई। मनोचिकित्सक डॉ. निधि वर्मा ने विद्यार्थियों को परीक्षा के दौरान तनाव प्रबंधन, मानसिक स्वास्थ्य एवं आत्मविश्वास बढ़ाने के प्रभावी उपाय बताए। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच, नियमित अध्ययन और संतुलित दिनचर्या विद्यार्थियों की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ धीवर समाज महासभा के संरक्षक श्री सेवकराम तारक, प्रदेशाध्यक्ष श्री सुरेश कुमार धीवर, महासचिव डॉ. रामलाल पेंदरिया, अध्यक्षता कर रहे श्री परमेश्वर फूटान, श्री दिलीप कुमार नाग एवं रायपुर परगना अध्यक्ष श्री दीपक धीवर सहित समाज के अनेक पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर राष्ट्रपति सम्मान प्राप्त श्री कार्तिकराम हिरवानी का भी समाज की ओर से विशेष सम्मान किया गया। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजनों, जनप्रतिनिधियों, महिला-पुरुषों, छात्र-छात्राओं एवं 300 से अधिक पालकों की उल्लेखनीय सहभागिता रही। कार्यक्रम का संचालन श्री ओमप्रकाश नाग एवं श्री सोहनलाल धीवर ने किया तथा आभार प्रदर्शन श्री विष्णु प्रसाद निषाद द्वारा किया गया। समारोह में शिक्षा, खेल और सामाजिक उत्कृष्टता के क्षेत्र में प्रतिभाओं के सम्मान के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ने और समाज के विकास में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।






