धमतरी के तेज गेंदबाज नवदीप सामले का छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट कैंप में चयन, जिले का बढ़ाया मान

30

धमतरी। धमतरी शहर के बठेना वार्ड निवासी एवं धमतरी जिला क्रिकेट संघ की अंडर-23 टीम के तेज गेंदबाज नवदीप सामले का चयन छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के उभरते खिलाड़ियों के कैंप के लिए किया गया है। इस उपलब्धि से जिले के खेल जगत में खुशी का माहौल है।
नवदीप सामले ने अपनी कड़ी मेहनत, नियमित अभ्यास और अनुशासित दिनचर्या के दम पर यह सफलता हासिल की है। तेज गेंदबाज के रूप में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है। बेहतर प्रदर्शन के लिए उन्होंने फिट लाइफ जिम के प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में स्ट्रेंथ ट्रेनिंग भी प्राप्त की, जिसका सकारात्मक परिणाम उनके खेल में देखने को मिला।
धमतरी जिला क्रिकेट संघ पिछले कई वर्षों से जिले के प्रतिभाशाली क्रिकेट खिलाड़ियों को पहचानकर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और मार्गदर्शन उपलब्ध करा रहा है। इसी का परिणाम है कि इस वर्ष जिले के विभिन्न आयु वर्ग के 10 खिलाड़ियों का चयन छत्तीसगढ़ राज्य की टीम के लिए हुआ है, जिनमें 4 बालिकाएं और 6 बालक शामिल हैं।
इस अवसर पर धमतरी जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष शरद रणसिंह, उपाध्यक्ष अखिलेश खंडेलवाल, सचिव अजय बाबर, सहसचिव सकुश गुप्ता, कोषाध्यक्ष राकेश दीवान तथा कोच सजल चंद्राकर सहित संघ के पदाधिकारियों ने नवदीप सामले को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन कर धमतरी तथा छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने की कामना की।