मगरलोड में बड़ा हादसा: तालाब में डूबने से दो आठ वर्षीय बच्चियों की मौत

3

धमतरी/मगरलोड। ग्राम कपालफोड़ी में मिली जानकारी के अनुसार 26 जून शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में तालाब में नहाने गई दो मासूम बच्चियों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है, वहीं दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे ग्राम कपालफोड़ी निवासी खुशबू साहू (8 वर्ष), पिता दीपक साहू और उसकी सहेली गीतिका साहू (8 वर्ष), पिता नारद साहू गांव के बाजार तालाब में नहाने गई थीं। नहाते-नहाते दोनों बच्चियां गहरे पानी में चली गईं और डूब गईं।

उसी समय तालाब में कुछ दूरी पर गांव की महिला पेमिन बाई साहू भी स्नान कर रही थीं। जब उनकी नजर तालाब किनारे पड़े बच्चियों के कपड़ों और बाल्टी पर पड़ी तथा काफी देर तक दोनों दिखाई नहीं दीं, तो उन्हें संदेह हुआ। उन्होंने तत्काल परिजनों को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही दोनों बच्चियों के परिजन और ग्रामीण तालाब पहुंचे तथा खोजबीन शुरू की। काफी तलाश के बाद दोनों बच्चियां तालाब में करीब सात फीट गहरे पानी में डूबी हुई मिलीं। उन्हें तत्काल बाहर निकालकर निजी वाहन से शासकीय अस्पताल मगरलोड ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना पर मगरलोड पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए मर्ग कायम कर शवों को पंचनामा एवं पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है। मासूम बच्चियों की असमय मौत से परिजन गहरे सदमे में हैं।