
प्रभावित परिवारों से मिले कांग्रेस नेता, बारिश में बेदखली को बताया अमानवीय; प्रशासन और राजस्व अधिकारियों से जल्द होगी मुलाकात
धमतरी। धमतरी जिले के ग्राम कोलियारी में शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन द्वारा जारी नोटिस के बाद क्षेत्र की राजनीति गर्मा गई है। प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने और उनके आशियाने को बचाने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी धमतरी सक्रिय हो गई है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों ने गुरुवार को कोलियारी गांव पहुंचकर जमीनी स्थिति का जायजा लिया तथा प्रभावित ग्रामीणों से चर्चा की।
ग्रामीणों ने कांग्रेस नेताओं के सामने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए बताया कि वे वर्षों से यहां निवास कर रहे हैं और अपनी मेहनत की कमाई से मकान बनाकर रह रहे हैं। उनका कहना था कि बरसात के मौसम में बेदखली की कार्रवाई अमानवीय होगी और इससे कई परिवार बेघर हो जाएंगे।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि प्रशासन रायपुर के नकटी गांव जैसी स्थिति यहां भी पैदा करने का प्रयास कर रहा है तथा किसी निजी संस्थान को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से बेदखली की कार्रवाई तत्काल रोकने की मांग की।
कांग्रेस ने दिया साथ का भरोसा
जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी किसी भी परिस्थिति में उनका आशियाना उजड़ने नहीं देगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल जल्द ही जिला प्रशासन एवं वरिष्ठ राजस्व अधिकारियों से मुलाकात कर अपनी आपत्ति दर्ज कराएगा और प्रभावित परिवारों के पक्ष को मजबूती से रखेगा।
उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन ने बेदखली की कार्रवाई वापस नहीं ली और प्रभावित परिवारों को राहत नहीं दी, तो कांग्रेस जिला स्तर पर व्यापक जन-आंदोलन शुरू करेगी।
विधायक ओंकार साहू भी पहुंचे थे कोलियारी
इस मामले में धमतरी विधायक ओंकार साहू भी पहले कोलियारी पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात कर चुके हैं। उन्होंने प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता का भरोसा देते हुए अधिकारियों से बारिश के मौसम में किसी भी प्रकार की बेदखली की कार्रवाई नहीं करने का आग्रह किया था। अब विधायक और जिला कांग्रेस संगठन दोनों ही ग्रामीणों के समर्थन में एकजुट नजर आ रहे हैं।
बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर, पूर्व विधायक लेखराम साहू, पूर्व दुग्ध महासंघ अध्यक्ष विपिन साहू, जिला संगठन महामंत्री अरविंद दोषी, जिला कोषाध्यक्ष विजय गोलछा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मदन मोहन खंडेलवाल, डॉ. विजय प्रकाश जैन, बृजेश जगताप, घामेश्वरी साहू, जिला उपाध्यक्ष सूर्याराव पवार, जिला महामंत्री आलोक जाधव, मनीषा साहू, योगेश लाल, आकाश गोलछा, विक्रांत शर्मा, नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर, ब्लॉक अध्यक्ष गौतम वाधवानी, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष राजा देवांगन, जिला सचिव खिलेंद्र साहू, राजेश पांडे, रामनाथ यादव, सलीम तिगाला, मोहित देवांगन, राजेश ठाकुर, उदित नारायण साहू, जैनुद्दीन रिजवी, देवेंद्र देवांगन, भोलाराम देवांगन, लोकेन्द्र साहू, राकेश मौर्या, मंडल अध्यक्ष हरीश चंद्राकर, एमन साहू, प्रणय बच्चन, सेक्टर अध्यक्ष प्रकाश पवार, सूरज पासवान, प्रवीण साहू, विष्णु सिन्हा, जय श्रीवास्तव, तिलक सोनकर सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, प्रभावित परिवार तथा जिला व शहर कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






