धमतरी में 28 जून को होगी व्यापम PAT/PVPT-2026 परीक्षा, 672 परीक्षार्थी होंगे शामिल

1

दो परीक्षा केंद्रों पर सुबह 10 बजे से परीक्षा, 9:30 बजे के बाद प्रवेश नहीं मिलेगा

धमतरी l छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा आयोजित पी.ए.टी./पी.वी.पी.टी.-2026 प्रवेश परीक्षा रविवार, 28 जून को धमतरी जिले में एक पाली में सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा के लिए जिले के दो केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां कुल 672 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
बी.सी.एस. शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, धमतरी में 339 तथा एन.आर.एम. शासकीय कन्या महाविद्यालय, धमतरी में 329 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश सुबह 7:30 बजे से 9:30 बजे तक ही दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं मिलेगी।
अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के साथ आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड या पासपोर्ट में से कोई एक मूल फोटोयुक्त पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। जिन अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र पर फोटो स्पष्ट नहीं है, उन्हें दो रंगीन पासपोर्ट आकार के फोटो साथ लाने होंगे।
व्यापम के निर्देशानुसार परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, पर्स, पाउच, बेल्ट, स्कार्फ, टोपी सहित अन्य प्रतिबंधित सामग्री ले जाना पूरी तरह वर्जित रहेगा। अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े तथा फुटवियर के रूप में चप्पल पहनकर आने की सलाह दी गई है। धार्मिक या सांस्कृतिक पोशाक पहनने वाले अभ्यर्थियों को अतिरिक्त सुरक्षा जांच के लिए निर्धारित समय से पहले केंद्र पहुंचना होगा।
परीक्षा के दौरान केवल काले या नीले बॉल पेन का उपयोग उत्तर अंकित करने के लिए किया जा सकेगा। परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले तथा समाप्ति के अंतिम आधे घंटे में परीक्षा कक्ष से बाहर निकलने की अनुमति नहीं होगी।
व्यापम ने अभ्यर्थियों से परीक्षा से एक दिन पहले अपने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर लेने तथा परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम दो घंटे पहले केंद्र पहुंचने की अपील की है, ताकि फ्रिस्किंग एवं दस्तावेजों का सत्यापन समय पर किया जा सके।
परीक्षा के सफल संचालन के लिए डॉ. विनोद कुमार पाठक को समन्वयक एवं अपर कलेक्टर पवन कुमार प्रेमी को जिला नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। जिला प्रशासन द्वारा पर्यवेक्षकों की नियुक्ति के साथ उड़नदस्ता दल एवं पर्याप्त पुलिस बल की भी व्यवस्था की गई है। व्यापम ने स्पष्ट किया है कि निर्देशों का उल्लंघन करने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी तथा अनुचित साधनों का प्रयोग करने पर अभ्यर्थिता समाप्त कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।