धमतरी विधायक ओंकार साहू विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव भानपुरी में हुए शामिल, नवप्रवेशी विद्यार्थियों का किया स्वागत

1

धमतरी। धमतरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक ओंकार साहू विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव के अंतर्गत भानपुरी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर एवं पुष्प भेंट कर आत्मीय स्वागत किया तथा उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री साहू ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया। साथ ही शासन की योजनाओं के तहत पात्र विद्यार्थियों को गणवेश एवं साइकिल वितरित की गई। उन्होंने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है और सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि आर्थिक या अन्य किसी कारण से कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। अपने संबोधन में विधायक ओंकार साहू ने कहा कि विद्यालय केवल पढ़ाई का केंद्र नहीं, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण और संस्कारों की पहली पाठशाला है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने तथा उनकी शिक्षा पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि शिक्षित समाज ही विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र की मजबूत नींव रखता है। इस अवसर पर शिक्षा के महत्व को लेकर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति प्रेरित किया गया। विद्यालय के विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया, जिसकी विधायक श्री साहू ने सराहना करते हुए बच्चों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में धमतरी विधायक ओंकार साहू , पूर्व विधायक रंजना साहू , जिला पंचायत सदस्य कविता बाबर, पूर्व जनपद अध्यक्ष गुंजा साहू , सरपंच ईश्वर साहू , सेक्टर कांग्रेस अध्यक्ष शत्रुघ्न साहू शिक्षा विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। विधायक ओंकार साहू ने सभी विद्यार्थियों को नए शैक्षणिक सत्र की शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा के माध्यम से अपने सपनों को साकार करने का संदेश दिया।