धमतरी निगम के 8 मनोनीत पार्षदों ने ली शपथ, कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने दिलाई सत्यनिष्ठा की शपथ

0

धमतरी। नगर पालिक निगम धमतरी के सभागार में सोमवार को मनोनीत पार्षदों (एल्डरमैन) का गरिमामय शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने सभी मनोनीत पार्षदों को सत्यनिष्ठा एवं निष्ठापूर्वक दायित्व निर्वहन की शपथ दिलाई।

समारोह में महापौर रामू रोहरा, सभापति कौशल्या देवांगन, निगम आयुक्त अरुण वर्मा, उपायुक्त पी.सी. सार्वा सहित महापौर परिषद के सदस्य, पार्षद, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने नवनियुक्त एल्डरमैनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नगर निगम परिवार में उनकी सहभागिता से शहर के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े निर्णयों में मनोनीत पार्षदों का अनुभव और सुझाव महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने सभी से समन्वय, सकारात्मक सोच और जनसेवा की भावना के साथ धमतरी के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करने का आह्वान किया।

शपथ ग्रहण करने वाले मनोनीत पार्षदों में अशोक सिन्हा, प्राची सोनी, रितिका यादव, अरविंदर मुंडी, सीमा चौबे, दिलीप पटेल, विजय सिंह ठाकुर एवं भागवत यादव शामिल रहे। सभी ने क्रमवार सत्यनिष्ठा की शपथ ग्रहण की।

शपथ ग्रहण के बाद महापौर रामू रोहरा, सभापति कौशल्या देवांगन, महापौर परिषद के सदस्यों, पार्षदों एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने सभी मनोनीत पार्षदों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। समारोह में मनोनीत पार्षदों के परिजन, शुभचिंतक और बड़ी संख्या में नागरिक भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत में निगम अधिकारियों ने सभी मनोनीत पार्षदों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। पूरे समारोह के दौरान उत्साह और उल्लास का वातावरण बना रहा।