
धमतरी के समीप मुड़पार गांव में खेत की मेड़ पर दिखा करीब 15 किलो वजनी अजगर, कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़े जाने की तैयारी
धमतरी। सांप का नाम सुनते ही अधिकांश लोगों के मन में डर पैदा हो जाता है, लेकिन जब बात विशाल अजगर की हो तो दहशत और भी बढ़ जाती है। ऐसा ही एक रोमांचक और हैरान कर देने वाला दृश्य धमतरी शहर से लगे ग्राम मुड़पार में देखने को मिला, जहां खेत की मेड़ पर करीब 7 फीट लंबे और लगभग 15 किलोग्राम वजनी अजगर के दिखाई देने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
बताया गया कि जिस स्थान पर अजगर दिखाई दिया, वह सड़क से सटा हुआ खेत है और वहां से लोगों का लगातार आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों ने तत्काल सर्प मित्र सूर्यकांत साहू को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सूर्यकांत साहू मौके पर पहुंचे और अजगर को सुरक्षित पकड़ने का अभियान शुरू किया। हालांकि, विशालकाय अजगर का रेस्क्यू करना आसान नहीं था। रेस्क्यू के दौरान उन्हें काफी मशक्कत करनी पड़ी। एक बार संतुलन बिगड़ने से वे खेत की मेड़ पर गिर भी गए, लेकिन उन्होंने तुरंत खुद को संभाल लिया और अभियान जारी रखा।
इसी बीच एक ऐसा दृश्य सामने आया जिसने वहां मौजूद लोगों की धड़कनें बढ़ा दीं। विशाल अजगर अचानक सर्प मित्र के हाथों से लिपट गया। यह नजारा देखकर मौके पर मौजूद लोग सहम गए और कुछ पल के लिए उनकी सांसें थम सी गईं। हालांकि, सांपों के रेस्क्यू में अनुभवी सूर्यकांत साहू ने धैर्य और सूझबूझ का परिचय देते हुए अजगर को सुरक्षित तरीके से अपने हाथों से अलग किया।
काफी प्रयास के बाद अजगर को सुरक्षित बोरी में रखा गया। इसके बाद वन्यजीव संरक्षण के नियमों का पालन करते हुए उसे उसके प्राकृतिक आवास, जंगल में सुरक्षित छोड़ने की तैयारी की गई।
इस पूरे रेस्क्यू अभियान को देखने वाले लोगों के लिए यह किसी रोमांचक दृश्य से कम नहीं था। सर्प मित्र की सूझबूझ और साहस के चलते एक ओर जहां ग्रामीणों को राहत मिली, वहीं अजगर का भी सुरक्षित रेस्क्यू कर उसकी जान बचा ली गई।






