
धमतरी अटल आवास का चौंकाने वाला हाल: निरीक्षण के दौरान गिरी सीढ़ियां, कांग्रेस ने पुनर्निर्माण की उठाई मांग
धमतरी। धमतरी के विवेकानंद वार्ड और जोधापुर वार्ड स्थित अटल आवास की जर्जर स्थिति उस समय सामने आ गई जब जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर और धमतरी विधायक ओंकार साहू ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एक ब्लॉक की जर्जर कंक्रीट की सीढ़ियां अचानक भरभराकर गिर गईं। घटना में कुछ कार्यकर्ताओं को हल्की चोटें आईं, जबकि बड़ा हादसा टल गया।
निरीक्षण के दौरान नेताओं ने पाया कि अटल आवास परिसर की स्थिति बेहद दयनीय हो चुकी है। अधिकांश भवनों की दीवारों में चौड़ी दरारें पड़ चुकी हैं, सीढ़ियां और छज्जे जर्जर हो चुके हैं तथा छतों से लगातार पानी टपकने के कारण घरों में सीलन बनी रहती है।
करंट उतरने से बच्चों की जान पर खतरा
निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने बताया कि लगातार पानी के रिसाव से बिजली के बोर्ड और दीवारों में करंट उतरने की समस्या उत्पन्न हो गई है, जिससे छोटे बच्चों और परिवारों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा बना हुआ है। रहवासी लंबे समय से अटल आवास के पुनर्निर्माण की मांग कर रहे हैं।
चरणबद्ध तरीके से पुनर्निर्माण की मांग
स्थानीय निवासियों ने कांग्रेस नेताओं के समक्ष मांग रखी कि जर्जर अटल आवास को चरणबद्ध तरीके से खाली कराकर नए सिरे से निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित आवास मिल सके।
तारिणी चंद्राकर ने प्रशासन दी चेतावनी
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने कहा कि अटल आवास की बदहाली प्रशासनिक उदासीनता का परिणाम है। उन्होंने आरोप लगाया कि यहां रहने वाले परिवार बुनियादी सुविधाओं से भी वंचित हैं और जर्जर भवनों में रहने को मजबूर हैं।
उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान सीढ़ियों का गिरना इस बात का प्रमाण है कि भवन अब रहने योग्य नहीं बचे हैं। यदि प्रशासन तत्काल चरणबद्ध तरीके से आवास खाली कराकर पुनर्निर्माण शुरू नहीं करता है तो कांग्रेस जनता के साथ मिलकर आंदोलन करेगी।
विधायक ओंकार साहू ने कहा- गरीबों की जान से खिलवाड़
धमतरी विधायक ओंकार साहू ने इसे गंभीर और संवेदनशील मामला बताते हुए कहा कि सरकार और प्रशासन गरीबों की सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जिन सीढ़ियों से रोज बच्चे और बुजुर्ग गुजरते हैं, वही निरीक्षण के दौरान ढह गईं।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है और कांग्रेस सदन से लेकर सड़क तक अटल आवास के रहवासियों की आवाज उठाएगी।
ये रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष योगेश शर्मा, गौतम वाधवानी, खिलेंद्र ध्रुव, नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर, उप नेता प्रतिपक्ष विशु देवांगन, जिला महामंत्री आकाश गोलछा, पार्षद सुमन मेश्राम, सूरज गहरवार, पूर्व पार्षद सोमेश मेश्राम, शास्त्री सोनवानी, राकेश मौर्या, उदित नारायण साहू, आशुतोष खरे, प्रवीण साहू, अविनाश मारोठे, अभिषेक ठाकुर, श्रीकांत तिवारी, मानिक साहू, समीन खान, वीणा देवांगन, संजय देवांगन, सूरज पासवान, योगेश्वर साहू, धर्मेंद्र पटेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





