चारधाम यात्रा से लौटे जगदीश शर्मा दंपति का मठ मंदिर चौक में भव्य स्वागत

1

धमतरी। यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ एवं बद्रीनाथ की पवित्र चारधाम यात्रा पूर्ण कर लौटे वरिष्ठ नागरिक जगदीश प्रसाद शर्मा, उनकी धर्मपत्नी पदमा देवी शर्मा एवं तनिष्क शर्मा का शहर के मठ मंदिर चौक में श्रद्धा, आस्था और सम्मान के साथ भव्य स्वागत किया गया।
शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों के मध्य स्थित मठ मंदिर चौक में श्रद्धालुओं और भक्तों ने पुष्पवर्षा कर तीर्थयात्रियों का अभिनंदन किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने इसे सनातन धर्म की परंपराओं, श्रद्धा और आध्यात्मिक चेतना का प्रेरक उदाहरण बताया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि जीवन में तीर्थ यात्रा का विशेष महत्व है। चारधाम यात्रा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों को धर्म, संस्कृति और अध्यात्म से जोड़ने का भी माध्यम है।
प्रदेश कार्यसमिति सदस्य पंडित राजेश शर्मा ने कहा कि सनातन धर्म में बद्री-केदार यात्रा का विशेष महत्व है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार बद्रीनाथ और केदारनाथ के दर्शन से मोक्ष की प्राप्ति होती है। उन्होंने कहा कि 80 वर्षीय पदमा देवी शर्मा और 87 वर्षीय जगदीश प्रसाद शर्मा द्वारा इस आयु में कठिन चारधाम यात्रा पूर्ण करना समाज के लिए प्रेरणादायक है।
इस अवसर पर महेंद्र पंडित ने भावुक होकर कहा कि माता-पिता की चारधाम यात्रा उनके जीवन का अत्यंत धार्मिक, आध्यात्मिक और गौरवशाली क्षण है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं एवं शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।