
सिर्फ निर्माण नहीं, प्रकृति के साथ विकास की नई सोच को आगे बढ़ा रहे हैं अरुण सार्वा”
धमतरी। जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने कुरूद विकासखंड के विभिन्न ग्रामों का दौरा कर वृक्षारोपण, ग्रामीण अधोसंरचना, अमृत सरोवर, नर्सरी, प्रशिक्षण केंद्रों एवं खेल मैदानों का निरीक्षण किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए जनप्रतिनिधियों से जनहित के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
नवागांव में एक किलोमीटर तक किया गया वृक्षारोपण
दौरे के दौरान ग्राम नवागांव में सरपंच एवं सरपंच संघ अध्यक्ष टिकेश साहू द्वारा मुख्य मार्ग से गांव तक लगभग एक किलोमीटर क्षेत्र में किए गए वृक्षारोपण का निरीक्षण किया गया। यहां करीब 200 पौधे लगाए गए हैं, जिनमें नीम, कदम, बादाम, लक्ष्मी तरु सहित अन्य प्रजातियां शामिल हैं। तालाब किनारे विकसित हरित क्षेत्र, बैठने की व्यवस्था और शासकीय प्राथमिक विद्यालय परिसर में तैयार किए गए उद्यान की भी उन्होंने सराहना की।
गोजी में सड़क किनारे हरियाली बनी मिसाल
ग्राम गोजी में सरपंच जयमित्र साहू एवं पंचगणों ने जिला पंचायत अध्यक्ष का स्वागत किया। यहां सड़क के दोनों ओर किए गए व्यापक वृक्षारोपण को देखकर अरुण सार्वा ने इसे अन्य ग्राम पंचायतों के लिए प्रेरणादायक मॉडल बताया।
स्वरोजगार गतिविधियों का लिया जायजा
ग्राम नारी में उन्होंने माटीकला प्रशिक्षण केंद्र एवं बुनकर प्रोडक्शन केंद्र का निरीक्षण कर स्थानीय रोजगार और स्वरोजगार गतिविधियों की जानकारी ली। वहीं सिरसिदा में वृक्षारोपण कार्य तथा शासकीय उद्यान रोपणी गाड़ाडीह का निरीक्षण कर नर्सरी में तैयार किए जा रहे पौधों की जानकारी प्राप्त की।
शहीद भगत सिंह स्टेडियम और पक्षी संरक्षण पहल की सराहना
ग्राम मंदरौद स्थित शहीद भगत सिंह स्टेडियम का निरीक्षण भी किया गया, जिसका निर्माण जनभागीदारी से युवा पक्षी एवं पर्यावरण प्रेमी मोहन साहू के नेतृत्व में कराया गया है। इस दौरान मोहन साहू ने पक्षियों के संरक्षण के लिए तैयार किए गए कृत्रिम घोंसले (नेस्ट) जिला पंचायत अध्यक्ष को भेंट किए तथा गौरैया सहित अन्य पक्षियों के संरक्षण संबंधी नवाचारों की जानकारी दी। अरुण सार्वा ने इन प्रयासों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताते हुए इसकी प्रशंसा की।

अमृत सरोवर का भी किया निरीक्षण
दौरे के दौरान ग्राम कन्हारपुरी में निर्मित अमृत सरोवर का निरीक्षण कर जल संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन के कार्यों का अवलोकन किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष गोकरण साहू, सरपंच संघ अध्यक्ष टिकेश साहू सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
अरुण सार्वा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में हरियाली, जल संरक्षण, स्वरोजगार और आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए किए जा रहे प्रयास भविष्य में गांवों को आत्मनिर्भर और आदर्श ग्राम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।


