
धमतरी। अर्जुनी थाना परिसर के पीछे खड़े जप्त वाहनों में शनिवार को अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आने से पांच वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार थाना परिसर के पीछे स्थित खेत में किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा कचरे में आग लगाई गई थी। तेज गर्मी और हवा के चलते आग धीरे-धीरे फैलते हुए थाना परिसर के पीछे खड़े जप्त वाहनों तक पहुंच गई। देखते ही देखते आग ने कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही देर में वाहन धू-धू कर जलने लगे।
घटना में पांच वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए। समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो आसपास खड़े अन्य वाहन और थाना भवन तक भी खतरा पहुंच सकता था। फायर ब्रिगेड की टीम ने लगातार प्रयास करते हुए आग को फैलने से रोका।
आग बुझाने में फायर ब्रिगेड टीम के देवेंद्र साहू, नोहर यादव, रोहित कुमार, अशोक निषाद, सुखराम बारले, दिलीप निषाद और उमेश कौशिक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
गर्मी के मौसम में जिले में आगजनी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। प्रशासन और फायर विभाग ने लोगों से खेतों और खाली स्थानों पर कचरा नहीं जलाने तथा सतर्कता बरतने की अपील की है।






