दीपावली की भीड़ को देखते हुए पुलिस की विशेष तैयारी, मकई चौक से सदर बाजार और विंध्यवासिनी मंदिर तक अधिकारियों ने किया पैदल निरीक्षण

1

धमतरी। दीपावली पर्व को देखते हुए शहर में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने धमतरी पुलिस ने कमर कस ली है। बाजारों में बढ़ती भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने प्रमुख बाजार क्षेत्रों में पैदल पेट्रोलिंग कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।

पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डी.सी. पटेल के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस एवं यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने मकई चौक से सदर बाजार होते हुए विंध्यवासिनी मंदिर तक पैदल गश्त की। इस दौरान अधिकारियों ने प्रमुख बाजार मार्गों, चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों का निरीक्षण कर यातायात की स्थिति का जायजा लिया।

पेट्रोलिंग के दौरान वाहनों की पार्किंग, दुकानों के सामने लगने वाली भीड़ और आवागमन में संभावित बाधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया। ऐसे स्थानों को चिन्हांकित कर यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने मौके पर तैनात पुलिस जवानों को यातायात नियंत्रण और आम नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए मुस्तैदी से ड्यूटी करने के निर्देश दिए।

पुलिस अधिकारियों ने बाजार के व्यापारियों एवं दुकानदारों से भी संवाद किया और दीपावली के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए सहयोग की अपील की। उनसे दुकानों के सामने अनावश्यक वाहन खड़े नहीं होने देने, सड़क एवं फुटपाथ पर सामान रखकर आवागमन बाधित नहीं करने तथा ग्राहकों के वाहनों की पार्किंग व्यवस्थित रखने का आग्रह किया गया।

धमतरी पुलिस द्वारा त्योहारी अवधि में बाजार क्षेत्रों एवं प्रमुख चौक-चौराहों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के साथ नियमित पैदल एवं वाहन पेट्रोलिंग तथा प्रभावी यातायात नियंत्रण की व्यवस्था की जाएगी, ताकि नागरिकों और व्यापारियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण मिल सके।

इस पैदल पेट्रोलिंग में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डी.सी. पटेल, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राजेश जगत, यातायात प्रभारी उप निरीक्षक के.आर. साहू सहित कोतवाली पुलिस, यातायात पुलिस एवं चीता स्क्वायड के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।

धमतरी पुलिस की अपील: दीपावली पर्व के दौरान यातायात नियमों का पालन करें। अपने वाहन निर्धारित एवं सुरक्षित स्थानों पर ही पार्क करें तथा सड़क पर अनावश्यक भीड़ या जाम की स्थिति निर्मित न करें। शहर की सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।