धमतरी में 1.20 लाख के अवैध पटाखे जब्त, भटगांव में पुलिस की दबिश

0

त्योहारों से पहले धमतरी पुलिस का बड़ा एक्शन, भटगांव में ₹1.20 लाख के अवैध पटाखे जब्त

धमतरी बिना अनुज्ञप्ति नवनिर्मित मकान में रखा था पटाखों का जखीरा, रुद्री पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत दर्ज किया अपराध

धमतरी l आगामी त्योहारों के मद्देनजर धमतरी पुलिस ने अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम भटगांव में 1 लाख 20 हजार रुपये कीमत के पटाखे जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, पटाखों का भंडारण बिना वैध अनुज्ञप्ति के किया गया था। मामले में 20 वर्षीय आरोपी शुभम देवांगन के विरुद्ध विस्फोटक अधिनियम, 1884 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने और त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। सभी थाना प्रभारियों को अवैध रूप से पटाखों के भंडारण, परिवहन और बिक्री में संलिप्त लोगों के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुखबिर की सूचना पर रुद्री पुलिस की दबिश

इसी क्रम में थाना रुद्री पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम भटगांव स्थित एक नवनिर्मित मकान में बिना वैध अनुज्ञप्ति के बड़ी मात्रा में पटाखे रखे गए हैं और उनकी बिक्री की तैयारी की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बताए गए स्थान पर दबिश दी और जांच के दौरान विभिन्न कंपनियों के पटाखे बरामद किए।

पुलिस ने मौके से पटाखों की कुल 10 खाची और एक कार्टून जब्त किया। इनकी अनुमानित कीमत 1 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, पटाखों का असुरक्षित तरीके से भंडारण आगजनी और दुर्घटना का कारण बन सकता था, जिससे आसपास के लोगों की जान-माल को खतरा उत्पन्न होने की आशंका थी।

आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज

मामले में शुभम देवांगन, पिता स्वर्गीय तरुण देवांगन, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम भटगांव, थाना रुद्री, जिला धमतरी के विरुद्ध थाना रुद्री में अपराध क्रमांक 39/26, धारा 9(ख), विस्फोटक अधिनियम, 1884 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

धमतरी पुलिस की नागरिकों और व्यापारियों से अपील

धमतरी पुलिस ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि पटाखों का भंडारण एवं विक्रय केवल वैध अनुज्ञप्ति और निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही करें। बिना अनुमति पटाखों का भंडारण या बिक्री कर आमजन की सुरक्षा को खतरे में न डालें। पुलिस ने नागरिकों से अवैध रूप से पटाखों के भंडारण या बिक्री की जानकारी मिलने पर तत्काल सूचना देने की अपील भी की है।