भखारा और अर्जुनी क्षेत्र में पुलिस की दबिश, 59 पौवा देशी शराब और 1,650 रुपये नकद जब्त
धमतरी। जिले में अवैध शराब की बिक्री, परिवहन एवं भंडारण करने वालों के विरुद्ध धमतरी पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के सख्त निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत भखारा एवं अर्जुनी पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से देशी शराब बेचने वाले पांच आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
पुलिस की इस कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से कुल 59 पौवा देशी शराब, जिसकी कीमत 5,320 रुपये है, तथा शराब बिक्री की 1,650 रुपये नकद राशि जब्त की गई। इस तरह कुल 6,970 रुपये की सामग्री बरामद की गई। सभी आरोपियों के विरुद्ध संबंधित थानों में आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(ख) के तहत पांच अलग-अलग अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं संबंधित अनुविभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में थाना भखारा पुलिस ने कोलियारी गौठान के पास ग्राम भखारा क्षेत्र से अछोटी निवासी शिवदयाल चेलक (59 वर्ष), पिता गोवर्धन चेलक को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 24 पौवा देशी शराब, जिसकी कीमत 2,400 रुपये तथा 410 रुपये नकद, कुल 2,810 रुपये की सामग्री जब्त की गई। इस मामले में अपराध क्रमांक 125/26 दर्ज किया गया है।
वहीं थाना अर्जुनी पुलिस ने चार अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। पहली कार्रवाई में अर्जुनी निवासी डिगेश ध्रुव (24 वर्ष), पिता केशव ध्रुव को कुशल एग्रो इक्विपमेंट के पास से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 10 पौवा देशी शराब कीमती 800 रुपये एवं 200 रुपये नकद, कुल 1,000 रुपये जब्त किए गए। इस मामले में अपराध क्रमांक 157/26 दर्ज किया गया।
दूसरी कार्रवाई में अर्जुनी निवासी संतराम सिन्हा (56 वर्ष), पिता हीरालाल सिन्हा को बजाज शोरूम से पहले भखारा रोड स्थित पुल के पास से पकड़ा गया। उसके कब्जे से 8 पौवा देशी शराब कीमती 640 रुपये एवं 310 रुपये नकद, कुल 950 रुपये बरामद किए गए। इस संबंध में अपराध क्रमांक 158/26 दर्ज किया गया।
तीसरी कार्रवाई में अर्जुनी निवासी विष्णुराम यादव (58 वर्ष), पिता कलानाथ यादव को सोनालिका ट्रैक्टर के सामने सेहरा डबरी के पास से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 9 पौवा देशी शराब कीमती 760 रुपये एवं 400 रुपये नकद, कुल 1,160 रुपये जब्त किए गए। इस मामले में अपराध क्रमांक 159/26 दर्ज किया गया।
चौथी कार्रवाई में अर्जुनी निवासी टाकेश्वर उर्फ टाकू मीनपाल (40 वर्ष), पिता आनंद राम मीनपाल को ग्राम अर्जुनी में टाकेश्वर होटल के सामने से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 8 पौवा देशी शराब कीमती 720 रुपये एवं 330 रुपये नकद, कुल 1,050 रुपये जब्त किए गए। इस संबंध में अपराध क्रमांक 160/26 दर्ज किया गया।
अवैध शराब कारोबारियों को सख्त चेतावनी
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब की बिक्री, परिवहन एवं भंडारण करने वालों के विरुद्ध ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत लगातार सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। अवैध नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों एवं असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर है। ऐसे अवैध कार्यों में शामिल पाए जाने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।






