पेट्रोल पंप में आग लगाने की कोशिश, दो बाइक फूंकीं नोजल में माचिस लगाने का प्रयास
धमतरी। जिले के मगरलोड ब्लॉक के मेघा में पेट्रोल पंप को आग के हवाले करने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अज्ञात व्यक्ति ने पहले पेट्रोल पंप कर्मचारियों से गाली-गलौज की और करीब दो घंटे बाद दोबारा लौटकर कर्मचारियों की दो मोटरसाइकिलों में आग लगा दी। इतना ही नहीं, सीसीटीवी फुटेज में कथित तौर पर संदिग्ध पेट्रोल-डीजल मशीन के नोजल में भी माचिस लगाकर आग लगाने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।
मामला मगरलोड थाना क्षेत्र के मेघा स्थित माता रानी फ्यूल्स का है। जानकारी के अनुसार 1-2 अक्टूबर की दरमियानी रात करीब 11:30 बजे एक अज्ञात व्यक्ति पेट्रोल पंप पहुंचा और कर्मचारियों से गाली-गलौज करने के बाद वहां से चला गया। करीब रात 1:30 बजे वही संदिग्ध दोबारा पेट्रोल पंप पहुंचा और पेट्रोल-डीजल की मशीन के पास खड़ी कर्मचारियों की मोटरसाइकिलों को निशाना बनाया।

आरोपी ने माचिस से एकलव्य यादव की बाइक की डिक्की में आग लगा दी। इसके बाद दूसरी मोटरसाइकिल में भी आग लगा दी। कुछ देर बाद पेट्रोल पंप के पास रहने वाले कृपा राम की नजर जलती हुई बाइक पर पड़ी। उन्होंने तत्काल कर्मचारियों को जगाया। इसके बाद फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग पर काबू पाया गया। आगजनी में दोनों मोटरसाइकिलें पूरी तरह जल गईं।
पेट्रोल नोजल में भी आग लगाने की कोशिश
इस घटना का सबसे गंभीर पहलू पेट्रोल पंप के नोजल में आग लगाने की कथित कोशिश है। सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध पेट्रोल पंप के नोजल के पास माचिस लगाता दिखाई दे रहा है। यदि आग पेट्रोल-डीजल तक पहुंच जाती तो पेट्रोल पंप पर बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद पेट्रोल पंप संचालक और कर्मचारियों में दहशत का माहौल है।
पेट्रोल पंप संचालक सुरेन्द्र सिन्हा ने मामले की शिकायत मगरलोड थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 और 326(एफ) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। संचालक ने आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मगरलोड थाना पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने कहा कि मगरलोड थाना में अपराध दर्ज कर लिया गया है। विवेचना की जा रही है। जैसे ही कोई प्रगति होगी, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।







