धमतरी के 17 खिलाड़ी राज्य स्तरीय योगासन चैंपियनशिप में दिखाएंगे दम

0

धमतरी के 17 खिलाड़ी राज्य स्तरीय योगासन चैंपियनशिप में दिखाएंगे दम

धमतरी । धमतरी जिले के 17 खिलाड़ी कोरबा में आयोजित होने वाली सातवीं राज्य स्तरीय योगासन चैंपियनशिप-2026 में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता 18 से 20 सितंबर तक आयोजित की जा रही है।

खिलाड़ियों के दल को पुलिस लाइन धमतरी से कलेक्टर अबिनाश मिश्रा और अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पीयूष तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर कोरबा के लिए रवाना किया। इस दौरान खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने का संकल्प लिया।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग भारतीय परंपरा की ऐसी विधा है, जो शरीर को स्वस्थ रखने के साथ मन को एकाग्र और जीवन में अनुशासन लाने में सहायक है। खेल के रूप में योगासन को अपनाकर जिले के युवा अपनी प्रतिभा को नई पहचान दे रहे हैं। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेना स्वयं में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे आत्मविश्वास और खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की अपील की।

अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पीयूष तिवारी ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रतियोगिता में परिणाम से अधिक महत्वपूर्ण अपने प्रदर्शन में निरंतर सुधार और पूरे मनोयोग से भागीदारी करना है।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में धमतरी जिले के विभिन्न वर्गों के लगभग 17 खिलाड़ी शामिल हो रहे हैं। इनमें पुलिस लाइन से सुजय मंडल, अली और अवध राम साहू सहित अन्य खिलाड़ी शामिल हैं।

इस अवसर पर योग संघ के जिला अध्यक्ष उमराव साहू, संरक्षक डॉ. संदीप साहू, डोमन साहू तथा छत्तीसगढ़ योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन से भोजेंद्र साहू और संतोष ध्रुव उपस्थित रहे। पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।