नेशनल हाईवे-30 पर दर्दनाक हादसा: बस के नीचे फंसा बाइक सवार, 4-5 किलोमीटर तक घसीटने की बात
धमतरी। नेशनल हाईवे-30 पर पुरूर के आगे न्यारा पेट्रोल पंप के पास बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रायपुर से कोंटा-सुकमा की ओर जा रही मनीष ट्रैवल्स की यात्री बस ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि मृतक का शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
टक्कर के बाद बस के नीचे फंसा बाइक सवार
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 11:45 बजे मनीष ट्रैवल्स की बस क्रमांक सीजी 27 के 2469 रायपुर से कोंटा-सुकमा की ओर जा रही थी। इसी दौरान न्यारा पेट्रोल पंप के पास पुल के समीप बस की बाइक क्रमांक सीजी 19 बीके 3431 से टक्कर हो गई।
टक्कर के बाद बाइक सवार बस के नीचे फंस गया। बताया जा रहा है कि बाइक सवार बस में फंसा हुआ करीब 4 से 5 किलोमीटर दूर जगतरा टोल प्लाजा तक पहुंच गया। घसीटे जाने के कारण उसके शरीर को गंभीर क्षति पहुंची और उसकी मौत हो गई।
चारामा में पकड़ी गई बस
हादसे के बाद बस को चारामा में पकड़े जाने की जानकारी सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही पुरूर पुलिस मामले की जांच में जुट गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और बस को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की पड़ताल शुरू कर दी है। मृतक की पहचान के लिए पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
हादसे के बाद हाईवे पर मचा हड़कंप
नेशनल हाईवे-30 पर हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश और चिंता का माहौल है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और बाइक सवार बस के नीचे फंसने के बाद जगतरा टोल प्लाजा तक कैसे पहुंचा।
पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई के बाद ही हादसे की पूरी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
घड़ी चौक की समस्याओं के समाधान की पहल, व्यापारियों से प्रशासन ने की चर्चा







