धमतरी में हाईवोल्टेज ड्रामा हाईटेंशन पोल पर चढ़ गया युवक, मचा हड़कंप

1

धमतरी हाईटेंशन बिजली के पोल पर चढ़ा युवक, एक घंटे तक मचा हड़कंप; शांति कॉलोनी चौक से सिहावा चौक तक लगा लंबा जाम

धमतरी। शहर के शांति कॉलोनी चौक में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक अचानक बिजली के पोल पर चढ़ने लगा। मौके पर मौजूद लोगों की नजर उस पर पड़ी तो उन्होंने शोर मचाकर उसे नीचे उतरने के लिए कहा, लेकिन युवक लगातार पोल पर चढ़ता चला गया। देखते ही देखते वह हाईटेंशन बिजली के खंभे तक पहुंच गया।

घटना की सूचना तत्काल बिजली विभाग, फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बिजली विभाग ने तुरंत विद्युत आपूर्ति बंद कराई। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा।

नीचे उतारे जाने के बाद पुलिस युवक को अस्पताल ले जाने के लिए रवाना हुई। मौके पर मौजूद एक युवक ने बताया कि पोल पर चढ़ा व्यक्ति नशे की हालत में था और किसी मानसिक परेशानी के चलते वह बिजली के खंभे पर चढ़ गया था। हालांकि, युवक की पहचान अभी नहीं हो पाई है।

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। युवक आखिर किस वजह से हाईटेंशन बिजली के खंभे पर चढ़ा और घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या था, इसका पता लगाया जा रहा है।

एक घंटे तक थमा रहा यातायात

यह पूरा घटनाक्रम करीब एक घंटे तक चलता रहा। शांति कॉलोनी चौक स्टेट हाईवे पर स्थित होने के कारण युवक के हाईटेंशन पोल पर चढ़ने और मौके पर पुलिस, फायर ब्रिगेड तथा बिजली विभाग की मौजूदगी के चलते यातायात प्रभावित हो गया। देखते ही देखते शांति कॉलोनी चौक से लेकर सिहावा चौक तक वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

READ ALSO

नेशनल हाईवे-30 पर दर्दनाक हादसा: बस के नीचे फंसा बाइक सवार, मौके पर मौत