मेजर ध्यानचंद की जयंती पर मनाया गया राष्ट्रीय खेल दिवस, महापौर रामू रोहरा ने किया खिलाड़ियों का सम्मान

0
खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना समाज की जिम्मेदारी : रामू रोहरा
धमतरी l हॉकी के महान खिलाड़ी एवं भारत के खेल इतिहास में स्वर्णिम अध्याय जोड़ने वाले मेजर ध्यानचंद जी की जन्म जयंती के अवसर पर प्रतिवर्ष 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है। इसी कड़ी में इस वर्ष भी जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग, जिला धमतरी द्वारा राष्ट्रीय खेल दिवस का भव्य आयोजन बाबू पंढरी राव कृदत्त इंडोर स्टेडियम, आमातालाब, धमतरी में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिक निगम धमतरी के महापौर श्री जगदीश रामू रोहरा रहे। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर खेल जगत से जुड़े खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं खेलप्रेमियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान जिले एवं प्रदेश का नाम विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में रोशन करने वाले राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों का सम्मान किया गया। महापौर रामू रोहरा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि मेजर ध्यानचंद जी का जीवन और खेल के प्रति उनका समर्पण आज भी देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास करता है। धमतरी जिले के युवा विभिन्न खेल विधाओं में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं, जो पूरे जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर, उचित प्रशिक्षण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। युवाओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों से भी जुड़ना चाहिए, ताकि वे स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ अपने जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर सकें। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने खिलाड़ियों में उत्साह और नई ऊर्जा का संचार किया।
उपस्थित अतिथियों एवं खेलप्रेमियों ने मेजर ध्यानचंद जी के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर पिछड़ा आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद,पार्षद चंद्रभागा साहू, कुलेश सोनी, सहित प्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक, विभिन्न खेलो के प्रशिक्षक,खिलाड़ी अधिक संख्या में उपस्थित थे।