रॉयल रजवाड़ा थीम पर सजा आराध्य गरबा, लाल परिधानों में उमड़ा गरबा प्रेमियों का सैलाब आज शाम महाकाल की भक्ति रहेगा आकर्षण का केंद्र
रात्रि 10:30 बजे के बाद खचाखच भरा रहा गरबा ग्राउंड देर रात तक झूमे गरबा प्रेमी, प्रतिभागियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए गरबा ग्राउंड विस्तार
पंडित राजेश शर्मा ने विभिन्न कैटेगरी के विजेता प्रतिभागियों को किया पुरस्कृत, आने वाले दिनों में फिल्मी हस्तियों के आगमन को लेकर बढ़ा उत्साह
धमतरी। शहर में आयोजित भव्य सांस्कृतिक आयोजन आराध्य गरबा के पंचम दिवस पर रॉयल रजवाड़ा थीम ने आकर्षण का अनूठा रंग बिखेरा। रेड कलर थीम के अनुरूप लाल रंग के आकर्षक परिधानों में सजे गरबा प्रेमियों ने पारंपरिक गरबा नृत्य कर पूरे परिसर को उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक उल्लास से सराबोर कर दिया। आयोजन में गरबा खेलने वालों के साथ ही कार्यक्रम देखने पहुंचे लोगों की भी बड़ी संख्या देखने को मिली। आलम यह रहा कि रात्रि 10:30 बजे के बाद भी पूरा गरबा ग्राउंड खचाखच भरा रहा।
पंडित राजेश शर्मा के आयोजन में प्रतिदिन बढ़ रहा उत्साह धर्मप्रेमी समाजसेवी एवं भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य पंडित राजेश शर्मा के आयोजन में प्रतिदिन गरबा प्रेमियों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। पंचम दिवस पर उमड़ी भीड़ और प्रतिभागियों के उत्साह ने आयोजन की भव्यता को एक बार फिर प्रदर्शित किया। गरबा प्रेमियों ने आयोजन समिति से गरबा खेलने के लिए उपलब्ध स्थान को और बड़ा करने का आग्रह किया, ताकि सभी प्रतिभागी सुविधाजनक ढंग से गरबा नृत्य का आनंद ले सकें।

प्रतिभागियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए ग्राउंड का होगा विस्तार आयोजन समिति के सदस्य शुभांक मिश्रा, तुषार सोनी एवं आदित्य पंसारी ने बताया कि आराध्य गरबा के प्रति लोगों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। प्रतिदिन गरबा खेलने वाले प्रतिभागियों की संख्या में वृद्धि हो रही है। इसे देखते हुए आयोजन स्थल पर उपलब्ध स्थान को और विस्तृत करने की दिशा में पहल की जाएगी, ताकि गरबा नृत्य करने वाले प्रतिभागियों को पर्याप्त जगह मिल सके और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
समिति के सदस्यों ने बताया कि आने वाले दिनों में पंडित राजेश शर्मा द्वारा आयोजित इस भव्य गरबा महोत्सव में फिल्मी हस्तियों एवं सेलिब्रिटी गेस्ट का आगमन भी प्रस्तावित है। ऐसे में आगामी दिनों में आयोजन को लेकर लोगों का उत्साह और बढ़ने की उम्मीद है।
आराध्य गरबा के फूड कोर्ट में उचित दाम पर लजीज व्यंजनों का उठा रहे लुत्फ आराध्य गरबा में गरबा नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ फूड कोर्ट भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां गरबा खेलने आने वाले प्रतिभागियों से लेकर कार्यक्रम देखने पहुंचने वाले परिवारों तक के लिए विभिन्न प्रकार के व्यंजनों की व्यवस्था की गई है। उचित दामों पर उपलब्ध खानपान की विविधता का लोग भरपूर आनंद उठा रहे हैं। फूड कोर्ट के संचालक महावर ने बताया कि लोगों की पसंद को ध्यान में रखते हुए यहां साउथ इंडियन व्यंजनों से लेकर चाइनीज फूड, चाट, गुपचुप सहित कई तरह के स्वादिष्ट व्यंजन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके साथ ही व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए फलाहारी व्यंजनों की व्यवस्था भी की गई है। चाय, कोल्ड कॉफी और कोल्ड ड्रिंक्स सहित विभिन्न पेय पदार्थ भी उपलब्ध हैं, जिससे आयोजन में आने वाले लोगों को एक ही स्थान पर खानपान के कई विकल्प मिल रहे हैं।
विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं को पंडित राजेश शर्मा ने किया सम्मानित आराध्य गरबा के पंचम दिवस पर गरबा प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन के लिए विभिन्न श्रेणियों के विजेता प्रतिभागियों को आयोजक पंडित राजेश शर्मा ने पुरस्कृत किया। विजेताओं को सम्मानित कर उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। आयोजन में प्रतियोगिताओं और पुरस्कार वितरण ने गरबा प्रेमियों के उत्साह को और बढ़ा दिया। आराध्य गरबा अब केवल गरबा नृत्य का आयोजन ही नहीं, बल्कि धमतरी में सांस्कृतिक परंपराओं, सामूहिक सहभागिता और पारिवारिक उत्सव का एक आकर्षक मंच बनता जा रहा है। पंचम दिवस पर रॉयल रजवाड़ा थीम की भव्यता, रेड कलर की आकर्षक छटा, खचाखच भरा ग्राउंड और लोगों की बढ़ती सहभागिता ने आगामी दिनों के लिए भी उत्साहपूर्ण माहौल तैयार कर दिया है।







