“विकास के साथ संस्कृति को भी बढ़ावा देगा निगम, जन्माष्टमी पर 4 सितंबर को मटका फोड़ और गणेशोत्सव में स्धल झांकी प्रतियोगिता”: रामू रोहरा

0

धमतरी। शहर के विकास कार्यों को गति देने के साथ अब नगर निगम धमतरी सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजनों को भी व्यापक स्वरूप देने की तैयारी में है। नगर निगम की ओर से धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन को मंजूरी मिल गई है। इसके तहत इसी वर्ष से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मटका फोड़ प्रतियोगिता तथा गणेशोत्सव के दौरान स्थल सजावट और झांकी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। नगर निगम के इस निर्णय से शहर में होने वाले प्रमुख पर्वों में निगम की सहभागिता बढ़ेगी और धार्मिक-सांस्कृतिक गतिविधियों को संस्थागत रूप से प्रोत्साहन मिलेगा।

अब तक शहर में मटका फोड़, गणेशोत्सव की झांकी, सजावट सहित कई धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन विभिन्न सामाजिक समितियों, उत्सव समितियों और हिंदू मंच सहित अन्य संगठनों द्वारा किया जाता रहा है। इन आयोजनों में बड़ी संख्या में शहरवासी हिस्सा लेते हैं। नगर निगम द्वारा अब ऐसे आयोजनों को प्रोत्साहित करने का निर्णय लिए जाने से आयोजन का दायरा और बढ़ने की उम्मीद है।

युवाओं और सामाजिक संगठनों को मिलेगा मंच नगर निगम के माध्यम से आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं में शहर के अलग-अलग वार्डों के युवाओं, सामाजिक संगठनों, धार्मिक समितियों और गणेशोत्सव समितियों की भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में प्रयास किया जाएगा। मटका फोड़ प्रतियोगिता में युवाओं की टीमों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा, वहीं गणेशोत्सव के दौरान आकर्षक झांकियों और बेहतर स्थल सजावट करने वाली समितियों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
इससे शहर में उत्सव का माहौल और बेहतर होने के साथ-साथ विभिन्न वार्डों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा भी देखने को मिल सकती है। प्रतियोगिताओं के माध्यम से सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर रहेगा।
पारंपरिक आयोजनों को मिलेगा नया स्वरूप महापौर रामू रोहरा ने कहा कि नगर निगम की जिम्मेदारी केवल सड़क, नाली, पानी, सफाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं तक सीमित नहीं है। शहर की सांस्कृतिक पहचान, धार्मिक परंपराओं और सामाजिक एकजुटता को मजबूत करना भी जरूरी है। धमतरी की अपनी समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत है, जिसे आगे बढ़ाने के लिए नगर निगम स्तर पर भी पहल की जा रही है।
उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और गणेशोत्सव जैसे पर्व लोगों को आपस में जोड़ने का काम करते हैं। इन अवसरों पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं में सभी वर्गों की सहभागिता हो, इसके लिए नगर निगम आवश्यक व्यवस्था करेगा। महापौर ने कहा कि शहर के विकास के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी आगे बढ़ाया जाएगा।
गणेशोत्सव में झांकियों और सजावट पर रहेगा जोर गणेशोत्सव के दौरान शहर के विभिन्न हिस्सों में गणेश प्रतिमाओं की स्थापना के साथ आकर्षक झांकियां और पंडाल सजाए जाते हैं। कई समितियां सामाजिक संदेश देने वाली झांकियां भी तैयार करती हैं। नगर निगम द्वारा झांकी और स्थल सजावट प्रतियोगिता आयोजित किए जाने से समितियों को बेहतर और रचनात्मक आयोजन के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
प्रतियोगिता में स्वच्छता, आकर्षक सजावट, सामाजिक संदेश, रचनात्मकता और धार्मिक भावना जैसे विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर समितियों का मूल्यांकन किए जाने की संभावना है। इससे शहर में ओहोने वाले गणेशोत्सव को और व्यवस्थित एवं आकर्षक बनाने में मदद मिल सकती है।
आगे अन्य आयोजनों को भी मिल सकता है प्रोत्साहन
नगर निगम की इस पहल को केवल दो पर्वों तक सीमित रखने के बजाय आने वाले समय में अन्य प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को भी प्रोत्साहित करने की दिशा में आगे बढ़ाया जा सकता है। शहर में विभिन्न समाजों और संगठनों द्वारा वर्षभर धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। ऐसे आयोजनों में निगम की सहभागिता से शहर की सांस्कृतिक गतिविधियों को और मजबूत आधार मिल सकता है।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि “धमतरी का विकास केवल सड़कों और भवनों से नहीं, बल्कि उसकी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता से भी होता है। नगर निगम विकास कार्यों के साथ शहर की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के लिए भी लगातार प्रयास करेगा।” नगर निगम की इस पहल से जहां पारंपरिक पर्वों को नया मंच मिलने की उम्मीद है, वहीं युवाओं और सामाजिक संगठनों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा दिखाने का अवसर भी मिलेगा। इससे आने वाले दिनों में धमतरी के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में नगर निगम की सक्रिय भूमिका दिखाई देने की संभावना है।