धमतरी | महान स्वतंत्रता सेनानी एवं आजाद हिंद फौज के संस्थापक नेताजी सुभाष चंद्र बोस की पुण्यतिथि के अवसर पर नगर निगम धमतरी की सभापति श्रीमती कौशल्या देवांगन सहित पार्षदों एवं एल्डरमैन ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने नेताजी के अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति और देश की स्वतंत्रता के लिए उनके अतुलनीय योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया।
सभापति कौशल्या देवांगन ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस का जीवन त्याग, साहस, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम की प्रेरणादायी मिसाल है। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनका ओजस्वी व्यक्तित्व और देश के प्रति समर्पण सदैव देशवासियों को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देता रहेगा।
इस अवसर पर पार्षद आशा नंदू लोधी, एल्डरमैन अशोक सिन्हा, भागवत यादव, पूर्व पार्षद आमना सोना सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने नेताजी के चित्र एवं प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी तथा उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया।





