रुद्री में कयाकिंग अकादमी का शुभारंभ, जल पर्यटन और साहसिक खेलों को मिलेगा नया आयाम

0

रुद्री में कयाकिंग अकादमी का शुभारंभ, जल पर्यटन और साहसिक खेलों को मिलेगा नया आयाम

युवाओं को प्रशिक्षण व रोजगार के अवसर, इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने बायो क्यूब सहित अन्य जल क्रीड़ा गतिविधियों का होगा विस्तार

धमतरी| स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में पर्यटन, साहसिक खेल और स्थानीय आजीविका को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में रुद्री बांध परिसर में कयाकिंग अकादमी का भव्य शुभारंभ महापौर नगर निगम श्री रामू रोहरा ने किया।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि गंगरेल ब्लू एडवेंचर स्पोर्ट्स एसोसिएशन (छत्तीसगढ़) एवं कर्मा महिला स्व-सहायता समूह, रुद्री के सहयोग से प्रारंभ की गई यह अकादमी जिले में जल आधारित साहसिक गतिविधियों को नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने बताया कि और भी जल क्रीड़ा की गतिविधियां की जायेंगी । इसके अलावा जलाशय की जल गुणवत्ता सुधारने में मदद,जैविक तरीके से प्रदूषण और दुर्गंध कम करना पर्यावरण-अनुकूल पर्यटन को बढ़ावा देना,जल क्रीड़ा स्थलों को अधिक स्वच्छ और सुरक्षित बनाने में सहायक के लिए बायो क्यूब ( bio cube) भी लगायी जाएगी ।

ताकि स्थानीय स्तर पर इको-टूरिज्म और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे । महापौर श्री रामू रोहरा ने कहा कि रुद्री बांध की प्राकृतिक सुंदरता, जलराशि और मनोरम परिवेश को ध्यान में रखते हुए कयाकिंग अकादमी के माध्यम से स्थानीय युवाओं एवं पर्यटकों को कयाकिंग जैसे साहसिक जल खेलों का अनुभव प्राप्त होगा। इससे धमतरी के पर्यटन मानचित्र पर रुद्री एवं गंगरेल क्षेत्र को और अधिक आकर्षक बनाने में मदद मिलेगी।

कयाकिंग अकादमी का उद्देश्य केवल साहसिक खेलों को बढ़ावा देना ही नहीं, बल्कि स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षण एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना, महिला स्व-सहायता समूहों की भागीदारी बढ़ाना तथा स्थानीय स्तर पर पर्यटन आधारित आजीविका को सशक्त करना भी है। इस पहल से आने वाले समय में जल पर्यटन से जुड़े अन्य गतिविधियों के विस्तार की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
महापौर श्री रोहरा ने कयाकिंग के फायदे बताते हुए कहा कि इससे रोमांच और मनोरंजन तो होगा ही बल्कि शरीर की अच्छी कसरत, जल पर्यटन को बढ़ावा,पर्यटकों के लिए नया आकर्षण के साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।
उन्होंन कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अकादमी का शुभारंभ ‘जल, प्रकृति और समुदाय के साथ नई शुरुआत’ के संदेश को सार्थक करता है। कयाकिंग अकादमी का मूल संदेश “Paddle Your Way to Adventure – Live Life One Stroke at a Time” युवाओं में साहस, आत्मविश्वास और प्रकृति के प्रति जुड़ाव की भावना को प्रोत्साहित करता है।

श्री रामू रोहरा, कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कयाक’ में बैठकर चप्पू (Paddle) चलाकर रोमांच का अनुभव किया ।
रुद्री बांध परिसर में विकसित यह पहल धमतरी जिले में साहसिक पर्यटन, जल क्रीड़ा और स्थानीय रोजगार के नए अवसरों का द्वार खोलने की दिशा में एक उल्लेखनीय कदम है। आने वाले समय में यहां पर्यटकों और साहसिक खेल प्रेमियों के लिए सुरक्षित, व्यवस्थित और आकर्षक गतिविधियों का विस्तार किए जाने की संभावनाएं हैं। इस अवसर पर इस अवसर पर एसडीएम धमतरी पीयूष तिवारी, एसडीएम कुरूद श्री नभ सिंह,जिला पंचायत सदस्य श्रीमती मोनिका देवांगन, सरपंच रुद्री सहित जनप्रतिनिधि, गंगरेल ब्लू एडवेंचर स्पोर्ट्स एसोसिएशन (छत्तीसगढ़) एवं कर्मा महिला स्व-सहायता समूह के सदस्य सहित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे ।