कॉलेज छात्रा को बचाने के प्रयास में डिवाइडर पर चढ़ी कांकेर रोडवेज की बस, बड़ा हादसा टला

0

धमतरी। जिले के नेशनल हाईवे पर बुधवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। ग्राम डांडेसरा क्रासिंग के पास कॉलेज छात्रा को बचाने के प्रयास में रायपुर से जगदलपुर जा रही कांकेर रोडवेज की बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। हादसे में छात्रा घायल हो गई, जबकि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित बच गए।

जानकारी के अनुसार, घटना 5 अगस्त को दोपहर करीब 12:30 बजे की है। रायपुर से जगदलपुर जा रही कांकेर रोडवेज की बस डांडेसरा क्रासिंग के पास पहुंची थी। उसी समय ग्राम सेमरा डी निवासी 20 वर्षीय नम्रता निर्मलकर साइकिल से कुरूद कॉलेज से अपने गांव लौट रही थीं। क्रासिंग पार करते समय अचानक बस सामने आ गई।

छात्रा को बचाने के लिए चालक ने तत्काल बस मोड़ दी, जिससे बस का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर पर चढ़ गई। हालांकि चालक की सूझबूझ से बस पलटी नहीं, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

हादसे में छात्रा के हाथ और पैर में चोटें आई हैं। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर कुरूद थाना पुलिस भी घटनास्थल पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। घायल छात्रा को उपचार के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया।

यदि बस डिवाइडर पर चढ़ने के बाद पलट जाती, तो बस में सवार यात्रियों के लिए गंभीर स्थिति पैदा हो सकती थी। चालक की सतर्कता के चलते एक बड़ी दुर्घटना टल गई।